Jharkhand: पलामू में तोरणद्वार को लेकर हुई हिंसा, BJP सांसद ने सरकार पर साधा निशाना, धारा 144 लागू

झारखंड के पलामू में बुधवार को महाशिवरात्रि से पहले दो समुदायों के बीच जबरदस्त पत्थरबाजी हुई। इस घटना पर भाजपा सासंद निशिकांत दुबे ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है।;

Update: 2023-02-16 09:54 GMT

झारखंड के पलामू में बुधवार को महाशिवरात्रि से पहले दो समुदायों के बीच जबरदस्त पत्थरबाजी हुई। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस मामले को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में धारा 144 लगा दी है और इसके साथ ही इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है। इस घटना पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है।

हेमंत सोरेन सरकार का साधा निशाना

झारखंड के पलामू में धारा 144 लगाने पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह हेमंत सोरेन सरकार के पतन का रास्ता है। इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त के बाहर हैं। इसमें जो भी अधिकारी उनका साथ दे रहे हैं, वे उन्हें बर्बादी की तरफ धकेल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शिव बारात की परंपरा वर्षों पुरानी है और यह परंपरा ऐसे ही कायम रहनी चाहिए। कोरोना काल के समय जब मंदिर बंद हुआ था। उस वक्त भी सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और मंदिर को खुलवाने के लिए पूरे प्रयास किए थे। ये बाबा भोले की नगरी है, यहां पर किसी का अहंकार नहीं चलता है। ये सरकार के पतन का रास्ता है।

वहीं, इस मामले पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मुस्लिम समाज की बढ़ती आबादी मेरे लिए चिंता का विषय नहीं है। जिन्ना के रास्ते पर चलने वाले जो कट्टरपंथी आ गए हैं वही ऐसा काम करते हैं। आजतक देश में हिंदुओं के द्वारा किसी भी तजिया पर एक पत्थर भी नहीं फेंका गया होगा।  

क्या था मामला

झारखंड के पलामू में स्थानीय हिंदू 18 फरवरी को मनाई जाने वाली महाशिवरात्रि के लिए भगत सिंह चौक पर तोरण द्वार बना रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस द्वार के निर्माण का विरोध किया। पहले तो दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट और पथराव में बदल गई। इस हिंसा में बीच बचाव करने के लिए कुछ पुलिस वाले भी गए। इस दौरान उन पर भी पत्थरबाजी की गई, जिसके बाद पुलिस वाले गंभीर रूप से घायल हो गए। इस स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इसके साथ ही इलाके में धारा 144 भी लागू की गई है। 

Tags:    

Similar News