BBC दफ्तर में छापों के बीच बोली BJP, दुनिया की सबसे भ्रष्ट और बकवास संस्था
BBC के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर इनकम टैक्स की छापेमारी जारी है। इसी बीच बीजेपी ने बीबीसी को सबसे भ्रष्ट और बकवास कॉरपोरेशन बताया है।;
BBC के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर इनकम टैक्स की छापेमारी जारी है। इनकम टैक्स के 60 से 70 सदस्य BBC के अकाउंट्स खंगाल रहे हैं। BBC वित्त विभाग के लोगों के कुछ मोबाइल फोन, लैपटॉप-डेस्कटॉप जब्त किए हैं। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को घर जाने के लिए कहा गया है। इसी बीच बीजेपी ने बीबीसी को सबसे भ्रष्ट और बकवास कॉरपोरेशन बताया है।
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अगर बीबीसी के कृत्य देखें, तो यह पूरी दुनिया की सबसे भ्रष्ट और बकवास संस्था हो गई है। उन्होंने कहा कि बीबीसी पर आयकर विभाग नियम के अनुसार और संविधान के मुताबिक ही कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब यह कार्रवाई चल रही है, इसे लेकर जिस तरह से राजनीतिक प्रतिक्रिया आ रही है। इसके लिए पहले कांग्रेस को समझना होगा कि भारत संविधान और कानून के हिसाब से चलता है। भाटिया ने कहा कि यहां चाहे कोई भी एजेंसी हो, ये पिंजरे का तोता नहीं रही हैं, सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस शासन में कहा था ये एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।
बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि आज कोई भी कंपनी, मीडिया संस्थान या कुछ भी हो, वो अगर भारत में काम कर रही है, तो उसे भारत के कानून के मुताबिक ही काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी सही से काम कर रही है, तो डर किस बात का है। आयकर विभाग को अपना काम करने देना चाहिए। सबके सामने दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।
दरअसल, इनकम टैक्स की टीम मंगलवार को BBC के दिल्ली और मुंबई दफ्तर छापेमारी कर रही। इनकम टैक्स की टीम इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी को लेकर बीबीसी दफ्तर पर आईटी की ये सर्चिंग चल रही है। इस दौरान आयकर विभाग के अफसरों ने सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए हैं और सभी कर्मचारियों को दफ्तर छोड़कर घर जाने के लिए कहा गया है। इनकम टैक्स की ये कार्रवाई की जानकारी BBC के लंदन स्थित दफ्तर में दे दी गई है। वहीं, विपक्ष ने इनकम टैक्स की इस कार्रवाई को बीबीसी की गुजरात दंगों पर बनी डॉक्यूमेंट्री से जोड़ा है।