Indian Navy की ताकत में होगा इजाफा, 200 ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने की तैयारी में नौसेना, पढ़ें इसकी खासियतें

Brahmos Supersonic Cruise Missile : भारतीय नौसेना को मजबूती प्रदान करने के लिए 200 से ज्यादा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों को खरीदने का प्रस्ताव आखिर चरण में है। जानें ब्रह्मोस मिसाइल की खासियत।;

Update: 2023-03-13 08:43 GMT

भारत तेजी के साथ अपनी सैन्य क्षमताओं में बढ़ोतरी कर रहा है। इसी कड़ी में भारतीय नौसेना को मजबूती प्रदान करने के लिए 200 से ज्यादा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों को खरीदने का भारतीय नौसेना का प्रस्ताव आखिर चरण में है और जल्द ही इस प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इन मिसाइल्स की कीमत करीब 20 हजार करोड़ रुपये है। ब्रह्मोस मिसाइल मुख्य हथियार है, जो कि समुद्र में दुश्मन के जहाजों को तबाह करने के काम आती है।

ब्रह्मोस मिसाइल क्यों हैं खास

भारतीय-रूसी संयुक्त उद्यम ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों को बनाता है, जिसे पनडुब्बियों, पोत, विमानों या भूमि से लांच किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, भारत की ब्रह्मपुत्र नदी व रूस की मोस्कवा नदी के नाम पर ब्रह्मोस मिसाइल नामकरण किया गया है।

ब्रह्मोस मिसाइल की खासियत है कि यह 4321 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से लक्ष्य की तरफ बढ़ती है। यह दुनिया की सबसे तेज क्रूज मिसाइल है। इस मिसाइल को जमीन, हवा या पानी से लॉन्च किया जा सकता है। यह खराब मौसम में भी लक्ष्य को भेदने में सक्षम है। इस मिसाइल की सबसे खास बात यह है कि इसे लॉन्च करने के बाद दिशा बताने की जरूरत नहीं होती है। यह मिसाइल किसी भी रडार की पकड़ में नहीं आती है। साथ ही, दुश्मन की नजर में भी नहीं आती है, ब्रह्मोस मिसाइल हवा में भी रास्ता बदल सकती है और किसी भी लक्ष्य को भेदने में सक्षम है।

आत्म निर्भर भारत की पहल

भारत सरकार हथियार प्रणालियों को स्वदेशी रूप से बनाने पर जोर दे रही है और स्थानीय निर्माताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इस मिसाइल प्रणाली को फिलीपींस में भी निर्यात किया जा रहा है। फिलीपींस नौसेना के कर्मचारियों को भारत में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News