RSS नेता इंद्रेश कुमार बोले, केंद्र व राज्य सरकार शादी के लिए जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए कानून लाए

उनका कहना है कि पुरुष पहचान छुपाते हैं, वे अपनी गलत पहचान दिखाकर महिलाओं को धोखा देते हैं। महिलाओं पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाते हैं।;

Update: 2020-11-23 03:06 GMT

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नेता इंद्रेश कुमार ने केंद्र की मोदी और सभी राज्य सरकारों से शादी के नाम पर हो रहे धर्म परिवर्तनों को रोकने के लिए कानून लाने की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरएसएस नेता का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां महिलाओं के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।  

इस तरह का धर्म परिवर्तन महिलाओं का शोषण है। उनका कहना है कि पुरुष पहचान छुपाते हैं, वे अपनी गलत पहचान दिखाकर महिलाओं को धोखा देते हैं। महिलाओं पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाते हैं। महिला शादी के लिए तैयार नहीं हो तो उसे जबरन धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जाता है। ऐसा नहीं करने पर महिला को जान से मारने की भी धमकी दी जाती है।

आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि यह सब भारत के संविधान के खिलाफ है। इस तरह के मामलों को रोकना देश की मौलिक जरूरत है। हमारे संविधान ने देश के हर नागरिक को सम्मान से जीने का अधिकार दिया है और इस तरह की गतिविधियां इन अधिकारों का उल्लंघन हैं।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि भाजपा शासित राज्यों में जबरन धर्मांतरण पर कानून लाने की तैयारी हो रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश राज्य ने इसको लेकर एक मसौदा तैयार कर लिया है। वहीं देश के राज्य गुजरात, उत्तराखंड, कर्नाटक और हरियाणा में इस पर कानून लाने की तैयारियां जोरों पर है। 

Tags:    

Similar News