Maharashtra Landslide: रायगढ़ लैंडस्लाइड में बेसहारा हुए कई बच्चे, CM शिंदे लेंगे गोद
Maharashtra Landslide: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हुए भूस्खलन में कई लोगों की मौत हो गई है। इसमें कई बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है। इसी के साथ ही, शिवसेना ने कहा कि सीएम एकनाथ शिंदे इन सभी बच्चों को गोद लेंगे। उनकी सभी जरूरतों व अन्य खर्चों का भी वहन करेंगे।;
Maharashtra Landslide: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी गांव (Irshalwadi Village) में हुए लैंडस्लाइड में अब तक तकरीबन 26 लोगों की मौत हो गई है। इसी बीच शिवसेना (Shivsena) ने कहा कि इरशालवाड़ी भूस्खलन में 22 बच्चों ने अपने परिजनों को खो दिया है। इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने इन सभी बच्चों के अभिभावक बनने और गोद लेने का ऐलान किया है। इन सभी बच्चों के वयस्क होने तक उनकी शिक्षा और अन्य खर्च भी सीएम के द्वारा ही उठाए जाएंगे।
शिंदे फाउंडेशन उठाएगा खर्च
शिवसेना की तरफ से घोषणा की गई है कि 2 साल से 14 साल की उम्र के इन अनाथ बच्चों की देखभाल श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन (Shrikant Shinde Foundation) द्वारा की जाएगी। शिक्षा और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन द्वारा पूरा किया जाएगा। प्रत्येक बच्चे की शिक्षा के लिए एक एफडी की जाएगी। शिंदे फाउंडेशन मुख्यमंत्री के बेटे और कल्याण सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे द्वारा संचालित एक गैर सरकारी संगठन है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को इरशालवाड़ी भूस्खलन (Landslide) वाली जगह का दौरा किया था और किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य के बारे में भी जाना था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की भी घोषणा की थी। इसके अलावा, घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात की थी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था।
Also Read: Landslide in Maharashtra: रायगढ़ में लैंडस्लाइड, 26 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अब तक मौतों का आंकड़ा 26 हुआ
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी मे हुए लैंडस्लाइड में अब तक 26 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इतना ही नहीं, अभी कई लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। एनडीआरएफ (NDRF) और अन्य बचाव दल दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है और लापता लोगों की तलाश जारी है। हालांकि, सीएम की तरफ से ऐलान किया गया था कि अब कहीं और इस गांव को बसाया जाएगा।