Maharashtra Covid: महाराष्ट्र में कोविड प्रतिबंध हटे, सीएम शिंदे बोले- अब सभी धार्मिक उत्सव धूमधाम से मनाएंगे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में आगामी गणेशोत्सव, दही हांडी और मुहर्रम के लिए राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा बैठक की। पढ़िये क्या-क्या लिए गए फैसले...;

Update: 2022-07-21 12:29 GMT

महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने आज बड़ा ऐलान किया है। उनकी सरकार ने प्रदेश में कोविड प्रतिबंधों (Covid Restrictions) को हटा दिया है। उन्होंने कहा है कि कोविड प्रतिबंध हटने से अब सभी लोग मिलजुल कर धार्मिक उत्सवों (Religious Festivals) को धूमधाम के साथ मना पाएंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay high court) और सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की ओर से कोविड को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में आगामी गणेशोत्सव, दही हांडी और मुहर्रम के लिए राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा बैठक की। डिप्टी सीएम देवेंद्र कुमार फडणवीस की मौजूदगी में अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी त्योहारों को लेकर चर्चा की।

बैठक के बाद सीएम शिंदे ने बताया कि बैठक में कोविड प्रतिबंधों को हटाने का फैसला लिया। इससे राज्य के लोग अब गणेशोत्सव, मुहर्रम और दही हांडी समेत सभी धार्मिक उत्सव जोर-शोर से मना पाएंगे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने कोविड प्रबंधन को लेकर जो निर्देश जारी किए हैं, उनकी सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी।

महाराष्ट्र पर थी कोरोना की सर्वाधिक मार

कोरोना महामारी की सबसे ज्यादा मार महाराष्ट्र पर पड़ी थी। इसके चलते पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे की सरकार ने कोरोना पर नकेल कसने के लिए सख्त प्रतिबंध लगाए थे। कहा जा रहा है कि कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद भी कई प्रतिबंध हटाए गए, लेकिन कई प्रतिबंध ऐसे थे, जिनसे लोग विशेषकर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं कर पा रहे थे। अब आगामी धार्मिक स्थलों के मद्देनजर ही सीएम एकनाथ शिंदे की सरकार ने कोविड प्रतिबंध पूरी तरह हटा लेने के निर्देश दे दिए हैं।

Tags:    

Similar News