Lockdown In Maharashtra: महाराष्ट्र में पूर्ण लॉकडाउन के संकेत, कल रात 8 बजे सीएम उद्धव ठाकरे कर सकते हैं ऐलान
महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे कल 21 अप्रैल को रात 8 बजे पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर सकते हैं।;
महाराष्ट्र में कोरोना (Maharashtra Coronavirus) के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए सरकार टोटल लॉकडाउन (Maharashtra Lockdown) की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thackeray) कल 21 अप्रैल को रात 8 बजे पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर सकते हैं। आज कैबिनेट की बैठक में सभी मंत्रियों ने टोटल लॉकडाउन के लिए हामी भर दी है।
कल हो सकता है महाराष्ट्र में टोटल लॉकडाउन का ऐलान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टोटल लॉकडाउन की चर्चा को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि बुधवार रात 8 बजे सीएम उद्धव ठाकरे बड़े पैमाने पर लॉकडाउन की घोषणा कर सकते हैं। बैठक में सभी मंत्रियों ने टोटल लॉकडाउन के लिए समर्थन दिया है। बाकी अब सीएम पर छोड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि बैठक में सिर्फ लॉकडाउन ही नहीं वैक्सीन इंपोर्ट करने का निर्णय भी लिया है। पहले से दी गई वैक्सीन की मंजूरी और इसके अलावा स्पूतनिक, फाइजर और मॉडर्ना वैक्सीन को भी शामिल किया गया है। सरकार का लक्ष्य हर शख्स को वैक्सीन लगवाना है। वहीं हमनें केंद्र सरकार से भी वैक्सीन ज्यादा देने की मांग की है।
जानकारी के लिए बता दें कि महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे के दौरान 58,924 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 351 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही सरकार ने लॉकडाउन में कुछ ढील भी दी है। 4 घंटे के लिए दुकानें खोलने की इजाजत दी है। इसमें किराना, फल-सब्जियों की दुकानें, डेयरी, बेकरी, कन्फेक्शनरी जैसी दुकाने शामिल हैं। इसके अलावा होम डिलीवरी सुबह 7 से 8 बजे के बीच होगी। हालांकि स्थानीय अधिकारियों द्वारा समय में संशोधन किया जा सकता है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि इसका प्रभावी रूप से मतलब है कि लोगों को इन गतिविधियों के लिए प्रतिदिन 19 घंटे तक बाहर रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। महाराष्ट्र में पिछले दो हफ्तों में हर दिन 50 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।