JNU Slogans: जेएनयू की दीवारों पर लिखे गए विवादित नारे, 'भगवा जलेगा, फ्री होगा कश्मीर'
JNU Slogans: दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU ) परिसर में विवादित नारे लिखने का मामला सामने आया है। इसमें 'फ्री कश्मीर' और 'भगवा जलेगा' जैसे नारे लिखे गए हैं।;
JNU Slogans: दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय यानी (JNU) एक बार फिर चर्चा में है। जेएनयू की दीवारों पर उकसाने वाले नारे लिखे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विश्वविद्यालय की दीवारों पर 'फ्री कश्मीर' और 'भगवा जलेगा' जैसे नारे लिखे गए हैं। साथ ही, जेएनयू की दीवार पर पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ भी आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई बयान जारी नहीं किया है। स्लोगन लिखने वालों की जानकारी इकट्ठा की जा रही है। इसके बाद पुलिस के द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
जेएनयू में लिखे गए विवादित नारे
जेएनयू की दीवारों पर यह नारे किसने लिखें है, अभी इसको लेकर किसी भी तरह की जानकारी सामने नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह स्लोगन लाल और नीले पेंट से लिखे गए हैं। कई जगहों पर फर्श पर भी नीले रंग से नारे लिखे गए हैं। जेएनयू के स्कूल ऑफ लैंगवेज की दीवारों पर यह बातें लिखी गई हैं। इन दीवारों और फर्श पर फ्री कश्मीर, पीओके और भगवा जलेगा, मोदी तेरी कब्र खुदेगी जैसी बेहद ही विवादित नारे लिखे गए हैं।
यह घटना यूनिवर्सिटी में 'फ्रीडम फॉर कश्मीर' पोस्टर छपने के कई साल बाद सामने आई है। 2016 में, एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था जब पूर्व जेएनयू छात्र उमर खालिद, अनिर्बान भट्टाचार्य और अन्य ने परिसर में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ एक कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर कुछ छात्रों द्वारा देश विरोधी नारे लगाए गए।
पिछले साल भी ऐसी घटना आई थी सामने
वहीं, पिछले साल जेएनयू परिसर की दीवारों पर ब्राह्मण विरोधी नारे लिखे गए थे। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज-II भवन में लगे नारे में लिखा था कि ब्राह्मण कैंपस छोड़ो, वहां खून होगा, ब्राह्मण भारत छोड़ो और ब्राह्मण-बनिया, हम आपके लिए आ रहे हैं, हम बदला लेंगे। कॉलेज प्रशासन ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा था कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी क्योंकि जेएनयू सभी का है। मामले में अभी तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।