मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा दूसरे राज्यों में फंसे ओडिशा के लोगों को न हो दिक्कत, हम देंगे खर्च

Coronavirus Lockdown: देश इस वक्त बहुत ही चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा है। जिसके लिए नवीन पटनायक ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्री से पत्र के माध्यम से एक भावपूर्ण गुजारिश की है।;

Update: 2020-03-26 10:09 GMT

Coronavirus Lockdown: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। उन्होंने इस पत्र में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है कि पढ़ने वाला हर शख्स भावुक हो जाए। इस पत्र में ये साफ दिखाई दे रहा है कि देश में चल रही इस परिस्थिति से वो कितने दुखी हैं और उन्हें इस समय अपने राज्य के लोगों की कितनी चिंता है।

दूसरे राज्यों में फंसे हैं ओडिशा के कई लोग

नवीन पटनायक ने अपने पत्र में लिखा है कि कोरोना वायरस मनुष्य के लिए एक चुनौती लेकर आया है। जिसने सारी सीमाओं को तोड़ कर रख दिया है। हम एक देश के रूप में एक साथ मिलकर इस अदृश्य दुश्मन के खिलाफ लड़ रहे हैं।

उन्होंने लिखा कि इस महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए हमने हमारे देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की व्यवस्था लागू कर दी है। लेकिन लॉकडाउन की इस व्यवस्था को जब लागू किया गया। उस समय सभी तरह की सावधानियां बरतने के बावजूद कई लोग अपने घर से दूर दूसरे राज्यों में फंस गए। वे लोग छात्र, मजदूर, व्यापारी कोई भी हो सकते हैं। लेकिन इस समय वो अपने घर, अपने राज्य से दूर हैं।

पत्र के माध्यम से की ये गुजारिश

नवीन पटनायक ने अपने पत्र में लिखा है कि हम समझते हैं कि इस समय दूसरे राज्यों में फंसे वे लोग कितनी परेशानी में होंगे। इसलिए हम आपसे अपील करते हैं कि अगर ओडिशा का कोई भी व्यक्ति आपके राज्य के किसी भी हिस्से में हो तो आप उन्हें जरूरी सेवाएं जैसे कि भोजन, घर और सुरक्षा प्रदान करने की कृपा करें।

उन्होंने लिखा कि आप यह मैसेज अपने राज्य के सभी जिलाधिकारियों को भेजने की कृपा करें। इसके लिए हम आपके आभारी होंगे। साथ ही उन्होंने ये भी लिखा कि उन लोगों की मदद करने में जो भी खर्च आएगा, उसे ओडिशा की सरकार उठाएगी।


दूसरे राज्य के लोगों को भी दी जाएगी बेसिक सुविधाएं

नवीन पटनायक ने कहा कि हमने भी अपने सभी जिलाधिकारियों को ये मैसेज भेज दिया है कि दूसरे राज्य के लोगों का ओडिशा में विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि उन सभी दूसरे राज्य के लोगों की सेवाओं में लगने वाला खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान किया जाएगा।

ये है सबसे चुनौतीपूर्ण समय

नवीन पटनायक ने लिखा कि यह हमारे देश का सबसे चुनौतीपूर्ण समय है। हम इसे मिलकर ठीक कर लेंगे। उन्होंने लिखा कि अगर आपके राज्य का कोई भी व्यक्ति हमारे राज्य में हो तो आप मुझसे सीधे संपर्क कर सकते हैं। मैं हमेंशा सेवा के लिए उपलब्ध हूं।



 


Tags:    

Similar News