Coronavirus: भारत में कोरोना के दैनिक केसों में भारी उछाल, महाराष्ट्र में 4 महीनों के बाद सबसे अधिक केस दर्ज- पढ़ें पूरा अपडेट
भारत में कुल संक्रमितों की संख्या 4,31,97,522 हो गई है। पिछले 24 घंटों में एक्टिव मामलों में 3,641 की वृद्धि हुई है।;
Coronavirus India Updates: भारत में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में तेजी से उछाल देखा जा रहा है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 7 हजार 240 केस दर्ज किए गए हैं। जोकि कल से नये संक्रमणों में 38.4 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शा रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र में भी पिछले चार महीनों में सबसे अधिक केस दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 2,701 नये केस दर्ज किए गए हैं।
भारत में कुल संक्रमितों की संख्या 4,31,97,522 हो गई है। पिछले 24 घंटों में एक्टिव मामलों में 3,641 की वृद्धि हुई है। इसी के साथ भारत में एक्टिव केस 32,498 हो गए हैं। महाराष्ट्र के बाद सबसे अधिक ताजा मामले दर्ज करने वाले शीर्ष चार राज्यों में केरल, दिल्ली, कर्नाटक और हरियाणा है। केरल में 2271, दिल्ली में 564, कर्नाटक में 376 और हरियाणा में 247 केस दर्ज किए गए हैं।
कोरोना वायरस के नए मामलों के 37.31 फीसदी के लिए अकेला महाराष्ट्र जिम्मेदार है। जबकि 85.07 प्रतिशत नए संक्रमण टॉप पांच राज्यों से सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में देश में 8 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5,24,723 हो गई है। भारत की रिकवरी दर अब 98.71 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में कुल 3,591 मरीज ठीक हुए। जिससे देश भर में कुल ठीक होने वालों की संख्या 4,26,40,301 हो गई।
एक दिन में 3,40,615 सैंपल टेस्ट किए गए
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, भारत में कल (बुधवार) को कोरोना वायरस के लिए 3,40,615 सैंपल टेस्ट किए गए हैं। इसी के साथ बीते बुधवार तक कुल 85,38,63,238 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।