West Bengal: सीवी आनंद ने राज्यपाल पद की ली शपथ, IAS बनने से अभी तक का सफर रहा बेहद रोचक

पूर्व आईएएस सीवी आनंद ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में आज कोलकाता में पद की शपथ ली। इस दौरान राज्य की सीएम ममता बनर्जी मौजूद रहीं। पढ़िये इनके बारे में...;

Update: 2022-11-23 06:06 GMT

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में पूर्व आईएएस सीवी आनंद बोस ने आज कोलकाता में पद की शपथ ली। इससे पहले आनंद बोस मेघालय सरकार के सलाहकार थे। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य की सीएम ममता बनर्जी मौजूद रहीं। आईएएस से लेकर राज्यपाल बनने तक का उनका सफर बेहद ही रोचक रहा है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीवी आनंद बोस केरल कैडर के 1977 बैच के (सेवानिवृत्त) भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। आनंद बोस मेघालय सरकार के निवर्तमान सलाहकार थे। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी दी गई। वे कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने बतौर राज्यपाल पद की शपथ ली।

सीवी आनंद ने 2011 में रिटायरमेंट से पहले राष्ट्रीय संग्रहालय के प्रशासक के रूप में काम किया। उन्होंने एडिशनल चीफ सेक्रेटरी और जिला कलेक्टर पद की भी जिम्मेदारी संभाली। हैबिटेट अलायंस के अध्यक्ष होने के साथ ही यूएन हैबिटेट गवर्निंग काउंसिल के सदस्य भी रह चुके हैं।

सीवी आनंद बोस लेखक भी हैं। उन्होंने हिंदी, अंग्रेजी और मलयालम में 40 पुस्तकें प्रकाशित की हैं। वे जवाहरलाल नेहरू फैलोशिप से सम्मान प्राप्त हैं। वे लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के पहले फेलो भी रहे हैं। आनंद बोस ने प्रधानमंत्री की सरकार के लिए विकास एजेंडा तैयार करने वाले कार्यकारी समूह की अध्यक्षता कर चुके हैं। सीवी आनंद ने 'सभी के लिए कफायती आवास' का विचार सरकार के समक्ष रखा था, जो अपनाया गया था।

आनंद बोस की योग्यताओं के मद्देनजर उन्हें पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है। उनसे पहले जगदीप धनखड़ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, लेकिन उनके उपराष्ट्रपति चुनाव लड़ने के बाद इस पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद जुलाई में ला गणेशन को जगदीप धनखड़ का उत्तराधिकारी बताया गया था, लेकिन अब उनकी जगह यह जिम्मेदारी सीवी आनंद बोस को दे दी गई है। 

Tags:    

Similar News