Delhi Assembly Session: दिल्ली विधानसभा में पोस्टरबाजी, 'आप' ने भाजपा पर लगाया 2500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप
दिल्ली विधानसभा सत्र के दूसरे दिन आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी पर 2 हजार 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है।;
Delhi Assembly Session: देश की राजधानी दिल्ली के तीनों मेयर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की बकाया राशि मांगते हुए आंदोलन छेड़ रखा है। वहीं आज दिल्ली विधानसभा सत्र के दूसरे दिन आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी पर 2 हजार 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। सदन में आप नेताओं ने एक पोस्टर भी लगाया है। जिस पर लिखा है भारतीय जनता पार्टी ने किया 2500 करोड़ का घोटाला। बीजेपी वालों को जेल भेजो।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि बीते गुरुवार को दिल्ली विधानसभा ने केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया था। इस दौरान, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने तीनों कृषि कानूनों की प्रतियों को फाड़ दिया। इस दौरान सीएम केजरीवाल ने कहा था कि वह देश के किसानों के साथ छल (धोखा) नहीं कर सकते है। सीएम केजरीवाल ने विधानसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि कृषि कानूनों को भारतीय जनता पार्टी के चुनावी 'फंडिंग के लिए बनाया गया है।
यह किसानों के लिए नहीं है। विधानसभा में सीएम ने इन कानूनों की प्रतियों को फाड़ते हुए कहा था, मुझे ऐसा करते हुए बहुत दुख हो रहा है। मैं ऐसा नहीं करना चाहता था, लेकिन मैं देश के किसानों के साथ धोखा नहीं कर सकता हूं, जोकि ठंड में सड़कों पर सो रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के महापौर एवं भाजपा शासित तीनों नगर निगमों के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर गुरुवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। वे मांग कर रहे हैं कि सरकार निगमों का बकाया कोष जारी करे।