Delhi Corona Cases: 24 घंटे में 5 हजार से ज्यादा केस, क्या लगेगा Full Lockdown?, पढ़ें ताजा अपडेट
दिल्ली में कोरोना संक्रमण हर दिन एक बार फिर अपना रिकॉर्ड तोड़ रहा है। दिल्ली में साप्ताहिक लॉकडाउन के बाद एक दिन में 5 हजार मामले सामने आए हैं।;
देश में कोरोना और ओमिक्रॉन (Coronavirus) की रफ्तार बहुत तेजी से बढ़ रही है। संक्रमण की रफ्तार दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। दिल्ली (Delhi) में कोरोना संक्रमण हर दिन एक बार फिर अपना रिकॉर्ड तोड़ रहा है। दिल्ली में साप्ताहिक लॉकडाउन (Weekend Curfew) के बाद एक दिन में 5 हजार मामले सामने आए हैं।
5 हजार से ज्यादा दैनिक मामले
राजधानी दिल्ली में 24 घंटे के अंदर कोरोना वायरस के 5 हजार 481 नए मामले सामने आए। अब संक्रमण दर 8.37 फीसदी हो गई है। जबकि 3 की मौत भी कोरोना वायरस से हुई है। वहीं, 1575 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। 531 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में 5481 नए मामले दर्ज किए गए, जो करीब 7 महीने में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं।
दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू
दिल्ली में कोविड-19 मामलों और ओमिक्रॉन के डर के बीच डीडीएमए ने मंगलवार को वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि वर्तमान में दिल्ली में लगभग 11,000 सक्रिय कोविड मामलों में से केवल 350 मामले अस्पताल में भर्ती हैं। जिनमें से 124 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। जिसके बाद फैसला किया गया है कि वीकेंड कर्फ्यू लगाया जाएगा, जो शनिवार और रविवार को लागू होगा।
लॉकडाउन पर स्वास्थ्य मंत्री का बयान
कोविड मामलों में बढ़ोतरी के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि अभी दिल्ली में कोई लॉकडाउन नहीं है। बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में सरकार के द्वारा अभी सिर्फ वीकेंड कर्फ्यू लगाया गया है। इससे पहले, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि बस और मेट्रो सेवाएं अब से 100 फीसदी क्षमता पर चलाई जाएंगी, लेकिन लोगों को मास्क नियम और अन्य कोविड-सुरक्षा मानदंडों का सख्ती से पालन करना होगा।