Weather Update: मौसम ने ली करवट, दिल्ली समेत मैदानी और पहाड़ी राज्यों में बरसेंगे बादल

Weather Update: बीते सोमवार रात को दिल्ली समेत कई राज्यों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट देखने मिली है। लोगों को सुबह-सुबह ठंड का अहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने मौसम को लेकर नया अपडेट दिया है।;

Update: 2023-10-18 05:14 GMT

Weather Update: देश के कई हिस्सों में बीते दिनों हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, तो वहीं पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली है। इस बीच IMD ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ उत्तरी मध्य प्रदेश और गोवा में हल्की बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में अलग-अलग इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।

तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक,  राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते दिन मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम और इस साल अक्टूबर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। बीते दिनों दिल्ली में हुई बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है, जो सुबह सामान्य से दो डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

5 मिमी हुई बारिश 

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार रात तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह 8.30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक शहर में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सर्दी ने दी दस्तक

मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी की शुरुआत हो चुकी है और दिल्ली-एनसीआर में ठंडक बनी रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली का मौसम बदल गया। इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 26-32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है।

ये भी पढ़ें:- Telangana Election 2023: अगर केसीआर मर गए, तो हम 1 लाख देंगे... तेलंगाना BJP सांसद का विवादित बयान

Tags:    

Similar News