Breaking: दिल्ली का लाल किला अनिश्चितकाल के लिए बंद, इस वजह से लिया गया फैसला
देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली सेंट्रल के डीएम ने इस बाबत एक आदेश जारी किया है।;
देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली सेंट्रल के डीएम ने इस बाबत एक आदेश जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली आपदा प्राधिकरण की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक, लाल किला और आसपास के इलाके में बर्ड फ्लू के संक्रमण का खतरा अधिक हो गया है।
इसी को ध्यान में रखते हुए परिसर को आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के डायरेक्टर की इजाजत से आम जनता और पर्यटकों के लिए लाल किले को बंद किया गया है।
सैंपल की जांच में हुई बर्ड फ्लू की पुष्टि
बता दें कि इससे पहले लाल किला इलाके में 14 कौए और 4 बतखों की मौत हो गई थी। इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। 8 सैंपलों में बर्ड फ्लू के स्ट्रेन मिलने के बाद एनिमल हसबेंडरी डिपार्टमेंट ने दिल्ली में बर्ड फ्लू होने की बात की पुष्टि की थी। इसके बाद दिल्ली की कई मंडियों, छोटी दुकानों पर प्रोसेस्ड और कच्चे चिकन की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।