CBI के पूर्व डायरेक्टर रंजीत सिन्हा का निधन, कोरोनावायरस से संक्रमित थे सिन्हा
दिल्ली के अस्पताल में 68 वर्षीय रंजीत सिन्हा ने ली आखिरी सांस। पिछले कुछ समय से चल रहे थे बीमार। कोरोना वायरस मानी जा रही मौत की वजह।;
सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर रंजीत सिन्हा का शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। इसी दौरान वह (Coronavirus Positive) कोरोना वायरस संक्रमित भी हो गये। गुरुवार रात को रंजीत सिन्हा की कोविड 19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। माना जा रहा है कि उनकी मौत कोरोना वायरस संक्रमण से हुई है।
68 वर्षीय रंजीत सिन्हा सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर (CBI Former Director) थे। वह 1974 में बतौर आईपीएस अधिकारी बिहार कैंडर में रहे। उन्होंने मात्र 21 साल की उम्र में यूपीएससी परीक्षा पास की थी। सिन्हा सीबीआई डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालने से पहले कई बड़े पदों पर काम किया। इतना ही नहीं रंजीत सिन्हा भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) आईटीबीपी और रेलवे सुरक्षा बल के डीजीपी भी रहे। इसके बाद उन्होंने 2012 में सीबीआई डायरेक्टर का पद संभाला। इसके पहले भी वह दिल्ली और पटना में कई एजेंसियों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह रहे थे। यहां पिछले कुछ दिनों से बीमारी के चलते वह अस्पताल में भर्ती थे। यहां उनका इलाज चल रहा था। इसबीच ही हालत ज्यादा खराब होने से रंजीत सिन्हा का निधन हो गया।
पढ़ने लिखने के काफी शौकीन थे रंजीत सिन्हा
सीबीआई से लेकर आईटीबीपी समेत दूसरी एजेंसियों में बड़े पदों पर रहे रंजीत पढ़ने लिखने के बहुत ज्यादा शौकीन थे। उन्होंने भारतीय लोक प्रशासन संस्थान से एमफिल की डिग्री ली थी। इतना ही नहीं वह नौकरी में रहते हुए अलग अलग पत्रिकाओं में नीति संबंधित मामलों में लिखते रहते थे। उन्हें नौकरी के दौरान कई बार प्रतिष्ठित सेवा के लिए पुलिस पदक और विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।