'फ्लाइंग सिख' मिल्खा सिंह पंचतत्व में विलीन, चंडीगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, पूरे देश में शोक की लहर

केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू, पंजाब के गवर्नर और यूटी चंडीगढ़ प्रशासक बीपी सिंह बदनौर, हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह समेत कई जानी-मानी हस्तियां इस दौरान मौजूद रहीं।;

Update: 2021-06-19 12:34 GMT

भारत के महान धावक मिल्खा सिंह का चंडीगढ़ में राजकीय सम्मान के अंतिम संस्कार किया गया। चंडीगढ़ के मटका चौक स्थित शमशान घाट में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू, पंजाब के गवर्नर और यूटी चंडीगढ़ प्रशासक बीपी सिंह बदनौर, हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह समेत कई जानी-मानी हस्तियां इस दौरान मौजूद रहीं। पंजाब ने मिल्खा सिंह के निधन पर राज्य में एक दिन का शोक घोषित किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने मिल्खा सिंह के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मिल्खा सिंह का शुक्रवार की रात 11:30 बजे चंडीगढ़ पीजीआई अस्पताल में कोरोना की वजह से निधन हो गया। 91 वर्षीय मिल्खा सिंह के निधन की खबर सुनते ही देश भर में उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम मशहूर हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

सेना ने भी मिल्खा सिंह के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट कीं। सेना की तरफ से कहा गया कि वह (मिल्खा सिंह) एक लेजेंड थे, जो खिलाड़ियों की पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। सीडीएस चीफ जनरल बिपिन रावत ने भी अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने लिखा, 'मिल्खा सिंह ने देश को प्रेरणा दी कि कैसे विषम परिस्थितियों में अडिग रहते हैं। वह हम सभी के लिए प्रेरणा थे। वे अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए, जिस पर हम सभी को गर्व है। 

Tags:    

Similar News