'फ्लाइंग सिख' मिल्खा सिंह कोरोना से सेकंड रेस हारे, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पांच दिन पहले हुई थी पत्नी की मौत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम जानी-मानी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने चार जून को उन्हें फोन करके हालचाल भी पूछा था।;
महान पूर्व भारतीय धावक मिल्खा सिंह का कोरोना की वजह से निधन हो गया है। 91 वर्षीय मिल्खा सिंह का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था। पांच दिन पहले ही उनकी पत्नी निर्मल कौर का भी पोस्ट कोविड कॉम्प्लिकेशन के चलते निधन हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम जानी-मानी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मिल्खा सिंह की 20 मई को कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर क्वारंटीन में रहने के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराना पड़ा था। मिल्खा सिंह ने तेजी से रिकवर किया था, जिसके चलते दो दिन में ही आईसीयू से बाहर आ गए थे। 31 मई को उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ से डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद दोबारा तबीयत खराब होने के बाद उन्हें तीन जून को पीजीआई चंडीगढ़ में एडमिट कराया गया। उनकी तबीयत में बीच में सुधार भी आया था, लेकिन शुक्रवार रात उनके निधन की खबर सामने आई।
रसोइया आया था सबसे पहले चपेट में
मिल्खा सिंह के परिजनों ने बताया था कि उनके घर में सबसे पहले उनके रसोइये को बुखार हुआ था। यह रसोइया मिल्खा सिंह के परिवार के साथ 50 साल से जुड़ा है। वह गांव गया था, जहां कोरोना की चपेट में आ गया। वापस आकर उसे बुखार हुआ, लेकिन उसने बताया नहीं कि उसकी तबीयत खराब है। बाद में जब पता चला तो उसकी कोरोना जांच कराई गई, जिसमें वह पॉजीटिव मिला।
पांच दिन पहले हुई थी पत्नी की मौत
मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर (85) का पांच दिन पहले ही पोस्ट कोविड कॉम्प्लिकेशन के चलते निधन हुआ था। उनका इलाज मोहाली के निजी अस्पताल में चल रहा था। निर्मल कौर भी भारत की राष्ट्रीय महिला वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान रहीं थीं।