G-20 Summit: राष्ट्रपति जो बाइडेन कल पहुंचेंगे दिल्ली, जी-20 की बैठक से पहले PM Modi से करेंगे मुलाकात
G-20 Summit: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार यानी 8 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे।;
G-20 Summit: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत आ रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति शुक्रवार यानी 8 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे। जी-20 की बैठक में शामिल होने से पहले जो बाइडेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
भारत की अपनी यात्रा के दौरान बाइडेन कैडिलैक 'द बीस्ट' में यात्रा करेंगे, जिसे बोइंग सी -17 ग्लोबमास्टर III में अमेरिका से भारत लाया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति शुक्रवार शाम करीब सात बजे भारत पहुंचेंगे। इसके बाद वह सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए रवाना होंगे।
बाइडेन के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा
जो बाइडेन के दिल्ली दौरे के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। सबसे बाहरी परत में अर्धसैनिक बल के जवान होंगे, दूसरी परत में भारत के विशेष सुरक्षा समूह के कमांडो होंगे और सबसे भीतरी घेरे में सीक्रेट सर्विस एजेंट होंगे।
व्हाइट हाउस ने दी ये जानकारी
राष्ट्रपति जो बाइडेन के भारत दौरे को लेकर व्हाइट हाउस की तरफ से भी जानकारी दी गई है। व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति शुक्रवार को भारत पहुंचेंगे। शुक्रवार को ही जो बाइडेन पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शनिवार को जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और रविवार को महात्मा गांधी के राजघाट स्मारक का दौरा करेंगे।
यह भी पढ़ें:- G20 Summit 2023: 'कट्टरवाद बर्दाश्त नहीं', भारत आने से पहले खालिस्तानियों की एक्टिविटी बोले ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक
वहीं, बाइडेन के भारत आगमन से कुछ दिन पहले, उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा था कि G20 में यूक्रेन पर पूर्ण सहमति प्राप्त करना एक चुनौती थी। सुलिवन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र (यूएन) और जी20 दोनों के अधिकांश सदस्यों ने यूक्रेन पर रूस के "अवैध आक्रमण" का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि बाइडेन रूस के युद्ध के खिलाफ बोलेंगे जिसके "विनाशकारी परिणाम" हुए हैं और संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतर्राष्ट्रीय कानून और संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सिद्धांतों के अनुरूप "न्यायसंगत और टिकाऊ शांति" की तलाश करेंगे।