Haribhoomi Explainer: कहीं गिरी छत तो कहीं बह गई कार, पढ़ें कैसे मानसून की पहली बारिश ने बरसाई आफत
Haribhoomi Explainer: मानसून की पहली बारिश ने दिल्ली (Delhi) से लेकर महाराष्ट्र (Maharashtra) और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) से लेकर उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) तक कहर बरपा दिया है। बारिश की वजह से अलग अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। जानें पूरी अपडेट्स...;
1. बरसात के पाने में आए करंट ने ली महिला की जान
मानसून तो आया, लेकिन अपने साथ आफत भी लाया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आज कुछ ऐसा ही हुआ है। मामला यह था कि रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आई एक महिला की आज करंट लगने से मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि रविवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एफएसएल टीम भी मौके पर है। मृतक महिला की पहचान दिल्ली के प्रीत विहार निवासी साक्षी आहूजा के रूप में हुई है, जो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर बिजली के खंभे को पकड़ने से करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई।
2. मुंबई में बारिश के चलते धसीं बिल्डिंग
रविवार को लगातार बारिश के बीच मुंबई में एक इमारत का एक हिस्सा गिरने से तीन लोग फंस गए। भारी बारिश के बीच रविवार को मुंबई के घाटकोपर में बंगले का एक हिस्सा ढह गया। इसके अन्दर 3 लोग फंस गए थे, जिनमें से दो को बचा लिया गया। शनिवार से लगातार बारिश हो रही है। अब तक मुंबई शहर में 104 मिमी बारिश दर्ज की गई। घाटकोपर में 123 मिमी वर्षा हुई। पश्चिमी उपनगरों में अब तक 139 मिमी बारिश हुई है।
3. हरियाणा में नदी में बह गई कार
मानसून के आए अभी ज्यादा दिन नहीं हुए, लेकिन आफत की बरसात शुरू हो गई है। बारिश ने हरियाणा के पंचकूला के खड़क मंगोली के पास माथा टेकने आई एक महिला की गाड़ी नदी में बह गई। जानकारी के अनुसार, महिला अपनी मां के साथ माथा टेकने के लिए आई थी। नदी के किनारे गाड़ी खड़ी की थी। बरसात के चलते अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और पानी के रफ्तार ने कार को अपने साथ बहा ले गई। गाड़ी में सवार को काफी मशक्कत करके लोगों ने बचाया। अब महिला को पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
4. छत गिरने से यूपी में 2 बच्चों की मौत
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश में भी बारिश की ही वजह से 2 बच्चों की मौत हो गई है। यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के न्यू मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव में बारिश के दौरान मकान की छत गिर गई, जिसमें मौजूद लोग दब गए। इस घटना में 2 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा रविवार यानी आज तड़के हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंची यूपी पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया है।
5. हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश बनी आफत
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भी एक हादसा हुआ है। बारिश की वजह से 8 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल जेसीबी के माध्यम के गाड़ियों को बाहर निकाला जा रहा है। उत्तराखंड में भी इस तरह की घटना हुई है। हरिद्वार में भारी बारिश के कारण श्यामपुर क्षेत्र में सड़क पर बोल्डर गिरने के कारण यातायत बाधित हो गया। फिलहाल प्रशासन बोल्डर को हटाने का काम के काम में लगा है।
Also Read: Haribhoomi Explainer: रूस में थमी बगावत! बन गई बात, यहां पढ़ें रूस में अब कैसा है माहौल
मुंबई में अब तक सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अधिकतम 5 सेमी बारिश दर्ज की गई है। सुबह 5.30 बजे तक सफदरजंग में 47.2 मिमी और पालम में 22.0 मिमी बारिश हुई। अभी अगले 2 दिन तक बारिश जारी रहेगी। मुंबई क्षेत्र में सबसे ज्यादा 18 सेमी बारिश दर्ज की गई और आज भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में हरिद्वार में 78 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा देहरादून में 33.2 मिमी और उत्तरकाशी 27.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।