Haribhoomi Explainer: PM मोदी समेत अब तक ये 9 प्रधानमंत्री कर चुके हैं अमेरिका दौरा, यहां जानिए दौरे के पीछे की वजह
Haribhoomi Explainer: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार अमेरिका की राजकीय दौरे पर गए हैं। बतौर पीएम यह नरेन्द्र मोदी की आठवीं अमेरिकी यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहले आठ पूर्व प्रधानमंत्री भी अमेरिकी यात्रा कर चुके हैं। आइए आज के हरिभूमि एक्सप्लेनर के माध्यम से आपको भारत के सभी प्रधानमंत्री के अमेरिकी दौरे के बारे में विस्तार से बताते हैं।;
Haribhoomi Explainer: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने राजकीय दौरे पर मंगलवार की रात अमेरिका पहुंच गए हैं। अमेरिका के न्यूयॉर्क जॉन एफ केनेडी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया। अमेरिकी चीफ प्रोटोकॉल ऑफिसर रूफस गिफर्ड एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रिसीव करने पहुंचे।
आजादी के बाद अब तक देश के 9 प्रधानमंत्रियों ने 34 बार अमेरिका का दौरा किया है। मोदी तीसरे भारतीय प्रधानमंत्री हैं, जिनका स्वागत अमेरिका के तीन अलग-अलग राष्ट्रपतियों ने किया है। इससे पहले भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का भी तीन अमेरिकी राष्ट्रपति स्वागत कर चुके हैं। आइए आज के हरिभूमि एक्सप्लेनर के माध्यम से आपको बताते हैं कि भारत के किन-किन प्रधानमंत्रियों ने अब तक कितनी बार अमेरिका की यात्रा की है।
देश के पहले पीएम की पहली अमेरिकी यात्रा
1947 में देश को आजादी मिलने के बाद 1949 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने अपनी पहली अमेरिकी यात्रा की। यात्रा के दौरान पं नेहरू ने हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और सीनेट सदस्यों से वार्ता की। हालांकि, अमेरिकी तत्कालीन राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमैन से उनकी वार्ता सफल न हो सकी, क्योंकि उन्होंने किसी भी प्रकार की मदद देने से इनकार कर दिया। पं नेहरू ने अपना दूसरा अमेरिका दौरा 1956 में 16-20 दिसंबर के बीच किया। इस दौरान पंडित नेहरू ने डेढ़ दिन राष्ट्रपति आइजनऑवर के फॉर्म हाउस पर बिताया, इस बार वार्ता भी सफल रही। अमेरिका ने भारत को दी जाने वाली आर्थिक मदद को बढ़ाकर हर साल 822 मिलियन डॉलर कर दिया। इसके बाद तत्कालीन पीएम की तीसरी अमेरिकी यात्रा 26 सितंबर 1960 में हुई।
इंदिरा गांधी
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 27 मार्च, 1966 को अपना पहला अमेरिका दौरा किया। उस समय लिंडन जॉनसन अमेरिका के राष्ट्रपति थे। तब भारत की अनाज के लिए अमेरिका पर निर्भरता थी। उन्होंने अमेरिकी नीतियों के समर्थन के बदले सहायता लेने से इनकार कर दिया। इंदिरा गांधी अमेरिका दूसरी और तीसरी बार क्रमश: 14 अक्टूबर 1968 और 1970 को संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में भाग लेने के लिए गई थीं।
मोरारजी देसाई
1978 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई जून 1978 में यूएन आमसभा में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे।
राजीव गांधी
22 अक्टूबर, 1985 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी अमेरिका दौरे पर गए थे। इस दौरे का मकसद देश में तकनीकी विकास में मदद था। इस विजिट पर पूर्व पीएम को 19 तोपों की सलामी दी गई थी। फिर दूसरी बार अक्टूबर 1987 में राजीव गांधी अमेरिका यूएन जनरल असेंबली की मीटिंग में गए थे। तीसरी बार 1985 में एक ऑफिशियल वर्किंग विजिट के तहत पूर्व पीएम राजीव गांधी अमेरिका गए थे।
पीवी नरसिंह राव
जनवरी 1992 में पीवी नरसिंह राव पहली बार यूएन सुरक्षा परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जॉर्ज डब्ल्यू बुश से मुलाकात की। पीवी नरसिंह राव दूसरी बार मई 1994 में अमेरिका की सरकारी यात्रा पर गए थे। तीसरी बार अक्टूबर 1995 में यूएन आमसभा में शामिल होने के लिए पीवी नरसिंह राव अमेरिका पहुंचे थे।
इंद्र कुमार गुजराल
देश के पूर्व पीएम इंद्र कुमार गुजराल सितंबर 1997 में यूएन आमसभा में शामिल होने के लिए अमेरिका पहुंचे थे। वहां उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की थी।
अटल बिहारी वाजपेयी
22 सितंबर को पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी यूएन आमसभा में शामिल होने के लिए अमेरिका पहुंचे थे। वाजपेयी सितंबर 2000 में दूसरी बार अमेरिका गए थे। इस दौरान अटल बिहारी ने 106 वीं कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित किया था। ऐसा करने वाले किसी भी दूसरे देश के पहले नेता बन गए थे। तीसरी बार नवंबर 2001 और चौथी बार सितंबर 2002 में यूएन आमसभा में शामिल होने अमेरिका के न्यूयार्क शहर पहुंचे थे।
डॉ. मनमोहन सिंह
डॉ. मनमोहन सिंह ने अमेरिका की कुल आठ बार यात्रा की है। मनमोहन सिंह सितंबर 2004 में वह पहली बार अमेरिका में आयोजित यूएन आमसभा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। दूसरी बार जुलाई 2005 में सरकारी यात्रा पर वाशिंगटन डीसी गए। तीसरी बार सितंबर 2005, चौथी बार सितंबर 2008 में यूएन आमसभा में शामिल हुए। पांचवीं बार नवंबर 2008 में जी-20 के वाशिंगटन सम्मेलन में भाग लेने के लिए गए। छठी बार सितंबर 2009 में जी-20 सम्मेलन, सातवीं बार वाशिंगटन और आठवीं बार 2010 में परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेने अमेरिका गए थे। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह अब तक सबसे ज्यादा बार अमेरिका जाने वाले प्रधानमंत्रियों की सूची में पहले स्थान पर हैं। आपको बता दें कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को भी अमेरिका राजकीय दौरे पर आमंत्रित कर चुका है।
नरेंद्र मोदी
मई 2014 में देश की सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार अमेरिका 2014 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के निमंत्रण पर एक वर्किंग विजिट में गए थे। उसके बाद 2016 में अमेरिका की यात्रा की। तब उन्होंने तत्कालीन उपराष्ट्रपति जो बाइडेन की मौजूदगी में वर्किंग लंच किया। 2017 में वह ऑफिशियल वर्किंग विजिट पर तीसरी बार अमेरिका गए और 2019 में उनको हाउडी मोदी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था, जिसकी मेजबानी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने की थी। यह उनका चौथा अमेरिका दौरा था। बतौर पीएम यह नरेंद्र मोदी का आठवां अमेरिका दौरा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला राजकीय दौरा है। इस दौरे के दौरान भारत और अमेरिका के बीच कई अहम समझौते होने के आसार हैं।