Haribhoomi Explainer: राज्यों की हार क्या 2024 में रोकेगी बीजेपी का रथ, जानिये विधानसभा-लोकसभा का राजनीतिक गणित
Haribhoomi Explainer: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे भारतीय जनता पार्टी के लिए किसी झटके से कम नहीं है। आम चुनाव 2024 से पहले विधानसभा चुनाव में मिली यह हार बीजेपी के लिए कई सवाल खड़े करती है। आज के हरिभूमि एक्सप्लेनर में हम आपको बताएंगे कि विधानसभा के चुनावों का लोकसभा चुनाव में क्या असर रहता है।;
Haribhoomi Explainer: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बुरी हार का सामना करना पड़ा है। सूबे की सत्ता अब कांग्रेस के हाथ में चली गई है। चुनावी आंकड़ों को देखें तो चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत दर्ज की। 2018 में कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं। वहीं, भाजपा को 104 सीटें मिलीं थी जो अब 66 सीटों पर ही सिमट गई है। हालाकिं, भारतीय जनता पार्टी के समीकरण कुछ ऐसे रहे हैं कि पार्टी को विधानसभा में भले ही हार का सामना करना पड़े, लेकिन लोकसभा में ज्यादा सीटें हासिल हो जाती हैं। आइये आज के हरिभूमि एक्सप्लेनर में जानते हैं कि किन राज्यों में विधानसभा चुनाव में कम सीटें पाकर भी मोदी एण्ड टीम लोकसभा की ज्यादातर सीटों पर बाजी मार ले जाती है।
कर्नाटक चुनाव
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018 में भारतीय जनता पार्टी 104 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इसका असर 2019 के आम चुनाव पर भी पड़ा और भाजपा 28 सीटों में 25 सीटों पर एतिहासिक जीत दर्ज की। लेकिन कर्नाटक चुनाव 2023 में मिली हार से बीजेपी की सीटें कम होने के आसार विपक्षी दलों की तरफ लगाए जा रहे हैं।
बंगाल चुनाव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2016 की बात करें तो, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बेअसर साबित हुई थी। 2016 के चुनाव में जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली एआईटीसी ने 211 सीटों पर जीत हासिल की थी, तो वहीं लेफ्ट व कांग्रेस के खाते में कुल 70 सीटें आई थी। इन चुनावों में बीजेपी ने मात्र 3 सीटों पर विजय हासिल की थी। लेकिन जब 2019 में लोकसभा चुनाव का परिणाम आए, तो भाजपा ने बंगाल की 42 सीटों में 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2021 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सीटें 3 से 76 हुई, लेकिन देखना यह दिलचस्पस होगा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा बंगाल में कितनी सीटें हासिल कर पाती हैं।
राजस्थान चुनाव
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 पर नजर डाले तो कांग्रेस ने 100 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की थी, लेकिन इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सिर्फ 73 सीटें ही पाई थी। एक साल बाद हुए लोकसभा चुनाव 2019 में पासा पलटा और भाजपा लोकसभा की 25 सीटों में 24 सीटों पर जीत दर्ज हासिल की। इसी साल फिर राजस्थान का विधानसभा चुनाव है और अगले वर्ष लोकसभा चुनाव। अब देखना दिलचस्प होगा कि राजस्थान की जनता इस बार किसे विधानसभा और किसे लोकसभा पहुंचाती है, यह तो परिणाम आने पर ही साफ हो पायेगा।
महाराष्ट्र आम चुनाव
2019 महाराष्ट्र आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों में 23 सीटें पर जीत दर्ज की थी। वहीं, 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा इस बार 122 सीट से घटकर 105 सीट पर आई है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस बार के लोकसभा चुनाव के परिणाम क्या होगें।
बिहार विधानसभा चुनाव
बिहार में हुए 2015 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 53 सीटों पर जीत हासिल की थी और 2019 आम चुनाव में बीजेपी 40 सीटों में केवल 17 ही हासिल कर पाई। हालांकि, 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीटें बढ़कर 74 हो गई हैं। विधानसभा में बढ़ी सीटों का असर आम चुनाव 2024 में कितना होता है यह तो आम चुनाव के परिणाम ही बताएंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव
2015 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हालत ठीक नजर नहीं आई, इस चुनाव में बीजेपी ने मात्र 8 सीटें पर ही जीत हासिल की। लेकिन दिल्ली में मिली इस हार का असर आम चुनाव 2019 पर नहीं हुआ। आम चुनाव 2019 में भाजपा पूरी की पूरी सीट हासिल कर ली। अगले साल हुए 2020 विधानसभा चुनाव में बाजी फिर पलटी और सत्ता एक बार फिर से आम आदमी पार्टी के हाथों में आ गई, इस चुनाव में आप को 62 सीट और भाजपा को मात्र 8 सीटें प्राप्त हुई। दिल्ली की जनता इस लोकसभा चुनाव में किसको चुनती है, ये तो चुनाव के बाद ही पता चल पाएगा।
हिमाचल प्रदेश चुनाव
बीते वर्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की। इस चुनाव में कांग्रेस को 40 सीटें और बीजेपी को 25 सीटें मिली। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में भारतीय जनता पार्टी 44 सीट जीत कर सरकार बनाई थी। वहीं 2019 में हुए आम चुनाव में भी हिमाचल की जनता ने बीजेपी को खूब पसन्द किया और लोकसभा की चार की चारों सीट पर जीत दिला दी। अब देखना यह होगा कि क्या विधानसभा चुनाव का असर आम चुनाव पर भी पड़ता है या भाजपा अपनी रणनीति में सफलता हासिल करेगी।
बीजेपी लोकसभा चुनावों में सफल
पहले ऐसे कई विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिनमें बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन उन्हीं राज्यों में जब लोकसभा चुनाव हुए, तो राज्यों की जनता नें भाजपा को जमकर वोट किया है। शायद यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी राज्यों में मिली हार से ज्यादा विचलित नहीं होती और अपनी तैयारी आगामी चुनाव पर जारी रखती है। अगले साल लोकसभा चुनाव से पहले कई और राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। इन राज्यों में छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अभी कांग्रेस की सरकार है और मध्य प्रदेश में बीजेपी की। अगले वर्ष होने वाले इन चुनावों को आम चुनाव का ट्रायल भी माना जा रहा है। इन चुनावों के परिणाम आम चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगें।