Big News: मोदी कैबिनेट में शामिल नहीं होगी JDU, राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने आरसीपी सिंह पर कसा तंज
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह (Lalan Singh) ने कहा कि अब से जेडीयू मोदी कैबिनेट (Modi Cabinet) में शामिल नहीं होगी।;
बिहार (Bihar) में जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) ने रविवार को एक बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह (Lalan Singh) ने कहा कि अब से जेडीयू मोदी कैबिनेट (Modi Cabinet) में शामिल नहीं होगी। इससे एक दिन पहले पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कारण बताओ नोटिस के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरसीपी सिंह पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि ये पार्टी डूबता हुआ जहाज नहीं है। ये एक तरह का नौकायन जहाज है। लेकिन कुछ लोग पार्टी को नुकसान पहुंचाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी में ऐसे लोगों की पहचान की है और इसे सुधारने के लिए कड़ा कदम उठाया है। आगे कहा कि पूरी पार्टी नीतीश जी की आभारी है। उन्होंने समय रहते ऐसे लोगों की पहचान कर ली है। नीतीश कुमार की संख्या 43 पर आने की वजह जनता नहीं बल्कि ऐसे लोगों के द्वारा किए जा रहे नुकसान की वजह से है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कुछ लोग इस जहाज में छेद करना चाहते हैं। ललन सिंह ने कहा कि बिहार की सियासत में हलचल होना स्वाभाविक है।
आरसीपी सिंह ने अपने पैतृक गांव मुस्तफापुर नालंदा में शनिवार शाम मीडिया के जरिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी से इस्तीफा देते हुए कहा था कि देश में ऐसा कौन मुख्यमंत्री होगा जो शाम को तीन घंटे गप्पें मारता था। ईर्ष्या नहीं, सब कुछ ठीक किया जा सकता है। आज मुझ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया जा रहा है। मेरे या मेरी बेटी के नाम जो भी जमीन है, उसके सारे दस्तावेज मेरे पास हैं। इनकम टैक्स रिटर्न फाइल में सब कुछ लिखा होता है। जो लोग आज पटना में परिक्रमा कर रहे हैं वे कल तक पार्टी का विरोध करते थे। बीते एक साल से पार्टी ने कोई कार्यक्रम नहीं किया है।