Joshimath Sinking: जोशीमठ के प्रभावित परिवारों से सीएम धामी ने की मुलाकात, पुनर्वास नीति को मिल सकती है मंजूरी, बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के प्रभावित इलाकों का दौरा किया और यहां रह रहे परिवारों के लिए अंतरिम राहत की घोषणा की।;
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के प्रभावित इलाकों का दौरा किया और प्रभावितों के लिए अंतरिम राहत की घोषणा की। धामी ने उन घरों का दौरा किया, जिनमें हाल ही में दरारें आई थीं। यहां उन्होंने इस शहर में रात बिताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवारों को बाजार दर के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.5 लाख रुपये की अंतरिम सहायता का भुगतान किया जाएगा और एक राहत और पुनर्वास योजना पर काम किया जा रहा है। सीएम ने आगे कहा कि एक गलत धारणा बनाई जा रही है कि पूरा राज्य खतरे में है। इस तरह की धारणा नहीं बनानी चाहिए। फरवरी में औली में अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन खेल होने जा रहे हैं। चार धाम यात्रा भी कुछ महीनों में शुरू हो जाएगी। इस तरह की गलत धारणा नहीं बनानी चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami ने आज जोशीमठ में अपने दिन की शुरुआत नृसिंह मंदिर में भगवान की पूजा अर्चना से की। pic.twitter.com/wu9v67GArX
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) January 12, 2023
वहीं दूसरी तरफ जोशीमठ में बारिश को लेकर लोगों में दहशत बनी हुई है। स्थानीय लोग भूस्खलन और इमारतों में दरार से डरे हुए हैं। प्रशासन लगातार खतरनाक इमारतों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज रहा है। धामी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बीच जोशीमठ में बारिश ने भी एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। 11 जनवरी की रात जोशीमठ में झमाझम बारिश हुई। वहीं अगले दो दिनों तक जोशीमठ में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश ने प्रशासन के साथ-साथ जोशीमठ के नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।
मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami ने आज जोशीमठ पहुंचकर भू-धंसाव से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम से राहत एवं भू-धंसाव से उत्पन्न स्थिति की अद्यतन जानकारी भी प्राप्त की। pic.twitter.com/5iJAdTjepe
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) January 11, 2023
जोशीमठ भूस्खलन पीड़ितों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने अलग नीति लाने का फैसला किया है। यह नीति पीड़ितों के पुनर्वास और मुआवजे के लिए हो सकती है। इस नीति पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कैबिनेट की विशेष बैठक बुलाई है। उम्मीद है कि इस बैठक में पुनर्वास नीति को मंजूरी मिल जाएष दावा किया जा रहा है कि नई पॉलिसी में नुकसान के हिसाब से मुआवजे की दर तय की जाएगी। यह दर सरकार द्वारा अब तक आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली राहत राशि से अधिक हो सकती है। उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीएम से फोन पर बातचीत कर ताजा हालात के बारे में जाना।