पीएम मोदी जन्मदिन: भाजपा ने शुरू किया 'सेवा सप्ताह' अभियान, जेपी नड्डा ने बताया पीएम मोदी का लक्ष्य
भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है, प्रत्येक जिले में 70 स्थानों पर स्वच्छता का कार्यक्रम, फलों का वितरण, अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, रक्तदान के कार्यक्रम होंगे।;
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 सितंबर को जन्मदिन है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर से 'सेवा सप्ताह' अभियान शुरू किया है। इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि आज (14 सितंबर) से 20 सितंबर तक भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता 'सेवा सप्ताह' के माध्यम से सेवा का कार्य अपने हाथ में लेंगे।
उन्होंने बताया, हम जानते हैं कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इसलिए भाजपा ने 14 से 20 सितंबर तक 'सेवा सप्ताह' मनाने का तय किया है। पीएम मोदी की जीवनी में अगर हम देखें तो सेवा प्रमुख लक्ष्य रहा है। देश की सेवा, जनता की सेवा, दलितों, शोषित और पिछड़े वर्गों की सेवा, जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा, ये उनके जीवन का ध्येय रहा। ये लक्ष्य मोदी जी का बचपन से था।
भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है, प्रत्येक जिले में 70 स्थानों पर स्वच्छता का कार्यक्रम, फलों का वितरण, अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, रक्तदान के कार्यक्रम होंगे। एक जिले में कम से कम 70 दिव्यांग भाइयों को उपकरण देने का लक्ष्य रखा गया है।