Big News: कपिल सिब्बल ने कांग्रेस पार्टी को दी 4 सलाह, बोले- बड़े स्तर पर सुधार की जरूरत
कपिल सिब्बल ने एक बार फिर पार्टी को बड़ी नसीहत दी और आईना दिखाते हुए अंदरूनी कलह और देश के राजनीतिक हालात पर बयान दिया है।;
कांग्रेस (Congress) पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने एक बार फिर पार्टी को बड़ी नसीहत दी है और आईना दिखाते हुए अंदरूनी कलह और देश के राजनीतिक हालात पर बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि खाली जगह को कांग्रेस भर सकती है। लेकिन उसके लिए पार्टी को कई स्तरों पर काम करना होगा। सबसे पहले पार्टी को दिखाना होगा कि वह एक्टिव है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि आज भारत को फिर से उठ खड़ी होने वाली कांग्रेस की जरूरत है। मीडिया से बातचीत के दौरान सिब्बल ने कहा कि पुनरुत्थानवादी कांग्रेस की जरूरत है। लेकिन अभी पार्टी को समय के साथ एक्टिव और सार्थक रूप से काम दिखाना होगा। इस दौरान उन्होंने पार्टी को 4 सलाह दी हैं। उनका मानना है कि पार्टी को संगठनात्मक चुनाव कराने, राज्य स्तर पर सुधार और अपनी सक्रियता को दिखाना होगा।
आगे दावा किया कि वर्तमान समय में देश में एक राजनीतिक विकल्प का अभाव है। कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं के समूह जी-23 के सदस्य सिब्बल ने कहा ने कहा कि देश को एक मजबूत और विश्वसनीय विपक्ष की जरूरत है। उन्होंने पार्टी के युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की तत्काल आवश्यकता पर भी जोर दिया।
सिब्बल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस कई मोर्चों पर मुश्किलों का सामना कर रही है। पार्टी लगभग दो सालों से पूर्णकालिक अध्यक्ष के बिना चल रही है। अंतिम पूर्णकालिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 के आम चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद इस्तीफा दे दिया। तभी से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष बनीं हुई हैं।
कपिल सिब्बल की कांग्रेस पार्टी को 4 सलाह...
1. देश कांग्रेस को फिर से देखना चाहता है, लेकिन पार्टी को यह दिखाना होगा कि वह एक्टिव है।
2. संगठन के चुनाव जल्द हों, राज्य स्तरों पर बदलाव की जरूरत है।
3. देश में राजनीतिक विकल्प का अभाव है। मजबूत और विश्वसनीय विपक्ष की जरूरत है।
4. कांग्रेस में अनुभवी और युवा नेताओं के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है।