Karnataka Assembly Election: नड्डा ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- बीजेपी के अलावा अन्य सभी पार्टियां वंशवादी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर्नाटक दौरे पर हैं। इस दौरान आज नड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। साथ ही उन्होंने पीएम नीतियों की जमकर तारीफ भी की।;
Karnataka Assembly Election: कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसको लेकर तमाम पार्टियां एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करते भी दिख रही है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर्नाटक दौरे पर गए हुए हैं। आज 21 फरवरी को नड्डा ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है। नड्डा ने कहा मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि मोदी सरकार की जनहितैषी नीतियों का परिणाम है कि गरीबों, नौजवानों, किसानों, दलितों और महिलाओं का कल्याण सुनिश्चित हुआ है। इसके अलावा नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला भी बोला।
PFI मामला वापस लेने का आरोप
नड्डा ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी हमेशा धार्मिकता के लिए खड़ी रही है। जबकि कांग्रेस पार्टी हमेशा समाज के खिलाफ कुछ न कुछ शरारत करती रहती है। नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम तुष्टीकरण की राजनीति करते थे। नड्डा ने PFI का जिक्र करते हुए कहा कि PFI एक प्रतिबंधित संगठन है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धारमैया सरकार ने PFI और कर्नाटक फोरम फॉर डिग्निटी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले वापस ले लिए थे। इस तरह सत्ता में रहते हुए PFI के खिलाफ कुल 175 मामलों को वापस लिया गया था। मामला वापस लेते हुए 1,600 PFI और KDF कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया था।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया
अपने भाषण के दौरान नड्डा कांग्रेस पार्टी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करती है। वे हमेशा से तुष्टीकरण की राजनीति किया करते हैं। देश में कांग्रेस पार्टी सहित अन्य सभी पार्टियां परिवारवादी या वंशवादी दल की राजनीति करती है। बीजेपी खुद में एक परिवार है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, विभाजन, कमीशन, बांटो और राज करो, वोट बैंक और वंशवादी राजनीति में विश्वास करती है। देश में सिर्फ बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है जिसकी वैचारिक पृष्ठभूमि है। जेपी नड्डा ने कर्नाटक सरकार के बजट पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक का बजट महिला सशक्तिकरण, युवाओं को प्रोत्साहन और किसानों को मजबूत बनाने के लिए बनाया गया है।