'इंडिया स्पोर्ट चक्का जाम' ने किया ट्रेंड, तो ऐसे आए रिएक्शन...
पहले जहां 'चक्का जाम नहीं होगा' और यूनाइटेड अंगेस्ट खालिस्तान जैसे हैशटैग ने ट्रेंड किया, वहीं चक्का जाम का समय नजदीक आते ही 'आज चक्का जाम रहेगा', 'इंडिया स्पोर्ट चक्का जाम' जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। चक्का जाम खत्म होने के बाद भी सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होती रही।;
केंद्र की ओर से लाए गए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों की ओर से आज चक्का जाम किया गया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर देशभर में चक्का जाम के सफल होने का दावा किसान संगठन कर रहे हैं। खास बात है कि चक्का जाम को लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब धमाल रहा। चक्का जाम के दौरान जहां 'इंडिया स्पोर्ट चक्का जाम हैशटैग' ट्विटर पर सबसे ऊपर ट्रेंड करता रहा, वहीं चक्का जाम खत्म होने के बाद 'चक्का जाम हुआ नाकाम' हैशटैग ट्रेंड करने लगा। हालांकि हैशटैग 'चक्का जाम' शाम 4:40 बजे इससे एक पायदान ऊपर तीसरे नंबर पर रहा।
सोशल मीडिया अपने विचार व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। यहां लोग बड़े से लेकर छोटे से छोटे मुद्दे पर बेबाकी से अपने विचार रखते हैं। किसान संगठनों ने आज चक्का जाम का आह्वान कर रखा था। ऐसे में सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा रही। खास बात है कि चक्का जाम से पहले 'चक्का जाम नहीं होगा' और यूनाइटेड अंगेस्ट खालिस्तान जैसे हैशटैग ट्रेंड किए, वहीं चक्का जाम का समय नजदीक आते ही आज चक्का जाम रहेगा, इंडिया स्पोर्ट चक्का जाम जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे।
दोपहर एक बजे जब चक्का जाम पूरे उफान पर है, तो 'इंडिया स्पोर्ट चक्का जाम' हैशटैंग सबसे ऊपर ट्रेंड कर रहा है। दूसरे नंबर पर 'इंडियाvsइंग्लैंड' ट्रेंड में है तो वहीं तीसरे नंबर पर 'आज रहेगा चक्का जाम' ट्रेंड कर रहा है। चक्का जाम के समर्थन में प्रीत सुमन नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, 'जहां एकता है, वहीं जीत है।' वहीं मनदीप जस्सी लिखते हैं, 'शांत रहो, एकजुट रहो। भगवान की कृपा सबके ऊपर है। सेव फार्मर्स, सेव नेशन। ट्विटर यूजर तरह तरह की मीम भी शेयर कर रहे हैं।
हालांकि शाम चार बजे के बाद ट्रेंड बदला और 'चक्का जाम' हैशटैग तीसरे नंबर पर आ गया, जबकि चौथे नंबर पर 'चक्का जाम हुआ नाकाम' हैशटैग ने ट्रेंड किया। शाम 4:45 बजे 'इंडियाvsइंग्लैंड' पहले और 'नेशन विद् सचिन' दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा था।