Maharashtra: महाराष्ट्र के समृद्धि एक्सप्रेसवे पर बस और कंटनेर की भीषण टक्कर, 12 लोगों की मौत, 23 घायल

Maharashtra Accident: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के समृद्धि एक्सप्रेसवे पर फिर से बड़ा हादसा हुआ है। यहां पर एक मिनी बस कंटेनर से टकरा गई। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 23 घायल हुए हैं।;

Update: 2023-10-15 03:51 GMT

Maharashtra Accident: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से बड़ी जानकारी सामने आ रही है। यहां पर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक मिनी बस एक कंटेनर से टकरा गई। इस बस दुर्घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मिनी बस में तकरीबन 35 यात्री सवार थे। इस हादसे की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है।  

पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी

पुलिस अधिकारी ने घटना पर जानकारी देते हुए कहा कि यह दुर्घटना मुंबई से लगभग 350 किलोमीटर दूर स्थित जिले में एक्सप्रेसवे के वैजापुर इलाके में देर रात करीब 12.30 बजे हुई। बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। साथ ही, उन्होंने आगे कहा कि नियंत्रण खोने की वजह से बस पीछे की तरफ से कंटेनर से टकरा गई। इसमें 12 यात्रियों की मौत हो गई, जिसमें से पांच पुरुष, छह महिलाएं और एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि ज्यादातर यात्री नासिक जिले के पाथर्डी और इंदिरा नगर के निवासी हैं।

सुप्रिया सुले ने घटना पर जताया दुख

एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर बार-बार दुर्घटनाएं होना बेहद चिंता का विषय है। सरकार को ऐसे हादसों के कारणों का अध्ययन कर कार्रवाई करने की जरूरत है। 

महाराष्ट्र में पहले भी हुआ हादसा

महाराष्ट्र के बुलढाणा (Buldhana) में इससे पहले भी बड़ा हादसा हुआ था। यहां पर एनएच 6 पर दो लक्जरी ट्रैवल बसों (Luxury Travel Buses) की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई थी और 21 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने हादसे में घायल हुए सभी लोगों को बुलढाणा के एक अस्पताल में भर्ती कराया।

Tags:    

Similar News