Mausam Ki Jankari: जानें कब बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में आज भी होगी तेज बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट
देश के कई राज्यों में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। जानें कब बदलेगा मौसम का मिजाज।;
Aaj ka Mausam: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल चुका है। देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत कुछ अन्य राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आज 21 मार्च को एक बार फिर से आसमान में बादल छाए हुए हैं। हालांकि लगातार बारिश होने के कारण मौसम खुशनुमा हो चुका है, लेकिन यही मौसम किसानों के लिए आफत बनी हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि आज उत्तर पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी।
जानें दिल्ली का हाल
देश की राजधानी नई दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं आज एक बार फिर से दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 और 23 मार्च को दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। इन दिनों बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन 24 मार्च को एक बार फिर से बारिश देखने को मिल सकती है। आज दिन भर करनाल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, खतौली, मेरठ, हस्तीनापुर, संभल और आस-पास के कई इलाकों में मध्यम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।
जानें यूपी का हाल
मौसम विभाग ने बताया कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में में आज का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया जाएगा। जबकि यूपी की राजधानी लखनऊ में आज एक बार फिर से बारिश देखने को मिल सकती है। 24 मार्च को लखनऊ में गरज और बारिश के साथ धूल भरी आंधी चलने का पूर्वानुमान है। यूपी के गाजियाबाद में आज का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहने वाला है। यहां आज बारिश भी देखने को भी मिल सकती है।
आज इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड के सुदूर इलाकों में आज बारिश होने वाली है। देहरादून में आज का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री होने की उम्मीद है। वहीं हरियाणा, पश्चिमी हिमालय, पंजाब और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की या फिर मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान, उत्तरी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश होंगी।