Mausam ki Jankari: कड़ाके की ठंड बरकार, दिल्ली समेत इन राज्यों में चलेगी शीतलहर, IMD का अलर्ट
उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।;
दिल्ली समेत उत्तर भारत (North India Weather) के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड (cold) के बीच एक बार फिर शीतलहर (cold wind) का प्रकोप देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के मुताबिक 17 और 18 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में भीषण शीतलहर लोगों को परेशान कर सकती है। आज यानी 17 जनवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीतलहर से भीषण शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है।
दिल्ली के तापमान की बात करें तो यहां पारा 1 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दिल्ली में 17 से 22 जनवरी तक येलो अलर्ट रहेगा। सुबह मध्यम से घना कोहरा पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी 2-3 दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी। उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। वहीं दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) 2 डिग्री और अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 19 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है।
इसके अलावा पश्चिमी यूपी के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की भी चेतावनी है। लखनऊ और आसपास के इलाकों को छोड़कर पूर्वी यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में तेज हवाओं ने मौसम विभाग की शीतलहर और कड़ाके की सर्दी की चेतावनी पर ब्रेक लगा दिया है। अब मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक ठंडी हवा चलेगी। जिससे दिन और रात के पारा में कमी आएगी।
मौसम विभाग (Meteorological Department) की मानें तो पहाड़ी इलाकों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। इसके साथ ही 17 और 18 जनवरी को शीतलहर की स्थिति रह सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश में आज शीत लहर की स्थिति रहेगी। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।