Coronavirus: कोरोना के दैनिक मामलों में भारी गिरावट- मरने वालों की संख्या में भी आई कमी, पढ़ें पूरा अपडेट
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 27409 नये केस दर्ज किए गए हैं और 347 लोगों की मौत हुई है।;
Coronavirus: भारत में कोरोना वायरस (Covid-19) के दैनिक आने वाले मामलों में बीते कुछ दिनों से भारी कमी दर्ज की गई है। देश में प्रतिदिन लाखों लोग संक्रमित हो रहे थे, लेकिन अब यह आकंड़ा 30 हजार के नीचे पहुंच गया है। इसके साथ ही कोरोना वायरस से प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या भी अब कम हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 27409 नये केस दर्ज किए गए हैं और 347 लोगों की मौत हुई है। आज दर्ज किए गए मामलों को मिलकर देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,26,92,943 हो गई है। वहीं 347 लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 5,09,358 हो गया है।
एक दिन में 82 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए
अगर देश में कोरोना वायरस को मात देने वालों की बात की जाए तो हर रोज संक्रमित होने वाले मरीजों की तुलना में कई गुना लोग ठीक हो रहे हैं। एक दिन में 82,817 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। इसी के साथ कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 4,17,60,458 हो गई है।
देश में 4 लाख 25 हजार से कम हुए एक्टिव केस
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में हर रोज संक्रमित होने वालों से अधिक ठीक होने वाले मरीजों की वजह से एक्टिव केसों की संख्या में गिरावट आई है। अब देश में एक्टिव केसों की संख्या 4,23,127 रह गई है। इन सभी का देश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं देश में कोरोना वैक्सीनेशन की बात की जाए तो अब तक 1,73,42,62,440 लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।