मुंबई में 4 मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, एक व्यक्ति की मौत और कई घायल

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, दमकल विभाग की टीम ने 11 और स्थानीय लोगों ने 6 लोगों को बचाया है। हादसे में घायल लोगों को बांद्रा के भाभा और वीएन देसाई अस्पताल भेजा गया।;

Update: 2021-06-07 09:28 GMT

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा गिर गया। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रेस्क्यू का काम कई घंटे बाद भी जारी है। घटना बांद्रा (पूर्व) के खेरवाड़ी रोड स्थित महक दुकान स्थित रज्जाक चॉल में हुई है। 

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, दमकल विभाग की टीम ने 11 और स्थानीय लोगों ने 6 लोगों को बचाया है। हादसे में घायल लोगों को बांद्रा के भाभा और वीएन देसाई अस्पताल भेजा गया। जहां पर एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसमें से 28 वर्षीय रियाज अहमद को अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों के द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। जबकि नूराल हक हैदर अली सैय्यद को मामूली चोटें आईं हैं। चार अन्य घायलों में सलमान अतीक खान, राहुल मोहन खोत, रोहन मोहन खोत और लता मोहन खोत हैं। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार जिस समय 4 मंजिला इमारत का हिस्सा गिरा था उस दौरान भारी बारिश हो रही थी। भारी बारिश की वजह से फायर ब्रिगेड के जवानों को मलवा हटाने में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे इलाके के विधायक जिसान सिद्दीकी ने बताया कि घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मलबे को हटाकर देखा जा रहा है कि क्या कुछ और लोग भी फंसे हैं या नहीं। बारिश में हादसा और ना बढ़ सके इसके लिए इस इलाके के घरों की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।  

Tags:    

Similar News