National Youth Day 2023: कर्नाटक में पीएम मोदी ने किया 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन, स्वामी विवेकानंद को किया याद
कर्नाटक के हुबली में पीएम नरेंद्र मोदी ने यहां 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया है।;
कर्नाटक के हुबली में पीएम नरेंद्र मोदी ने यहां 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया है। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के मौके पर देश भर में नेशनल यूथ डे मनाया जा रहा है। 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुबली में राष्ट्रीय युवा महोत्सव मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव के दौरान योग और लोक नृत्य की प्रस्तुति की गई। इसकी थीम 'विकसित युवा, विकसित भारत' है।
पीएम मोदी ने उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2023 में राष्ट्रीय युवा दिवस का ये दिन बहुत विशेष है। एक ओर ये ऊर्जा महोत्सव और दूसरी ओर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। उठो, जागो और लक्ष्य से पहले मत रूको। विवेकानंद जी का ये विचार, भारत के युवाओं का जीवन मंत्र है।
Prime Minister Narendra Modi inaugurates the 26th National Youth Festival 2023 in Hubbali, Karnataka. pic.twitter.com/c9tJ7f3c5f
— ANI (@ANI) January 12, 2023
पीएम ने कहा कि भारतीय युवाओं का मंत्र स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर अपने प्रयासों और जिम्मेदारियों के माध्यम से अमृत काल के दौरान भारत को आगे ले जाना है। कर्नाटक की इस पवित्र धरती ने कितनी महान हस्तियां दी हैं। रानी चेन्नम्मा, सांगोली रायन्ना उन पहले स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे। जिन्होंने अंग्रेजों से दांत और नाखून से लड़ाई लड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों में हमारे युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के एक से एक अविश्वसनीय उदाहरण मिलते हैं।
कब से मनाया जाता है नेशनल यूथ डे
भारत सरकार ने वर्ष 1984 में इस दिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया था। 1985 से हर साल देश 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मना रहा है। स्वामी विवेकानंद के भाषण, उनकी शिक्षाएं और उद्धरण हमेशा युवाओं के प्रेरणा स्रोत रहे हैं। इस बार युवा दिवस की थीम विकसित युवा, विकसित भारत है।