नीतीश कुमार कैबिनेट में बीजेपी-जेडीयू के 7-7 मंत्री होंगे, जानें कौन-कौन है शामिल
भाजपा की तरफ से तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार और मंगल पांडेय मंत्री बन सकते हैं। तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा है।;
नीतीश कुमार आज बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। नीतीश कुमार को बिहार के राज्यपाल फागू चौहान मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, मंत्री पद तय करने के लिए हर सात सीट पर दो मंत्री का फॉर्मूला निकाला गया है। इसके तहत 16 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें बीजेपी 7, जेडीयू 7, हम 1 और वीआईपी 1 के कोटे से मंत्री बन सकते हैं।
बता दें कि बिहार विधानसभा में 36 मंत्री बन सकते हैं। हालांकि, नीतीश कुमार के कैबिनेट की अधिकतर सीट अभी खाली रहेंगी। खबरों के मुताबिक, नीतीश कुमार के साथ आज 16 मंत्रियों के शपथग्रहण की खबर है। सूत्रों के मुताबिक जेडीयू की तरफ से अशोक चौधरी, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार और लेसी सिंह मंत्री बन सकते हैं।
अभी कुछ और नाम का तय होना बाकी है। भाजपा की तरफ से तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार और मंगल पांडेय मंत्री बन सकते हैं। तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा है। बीजेपी की तरफ से भी कुछ नाम पर अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
वहीं वीआईपी से मुकेश सहनी, हम प्रमुख जीतन राम मांझी के बेटे और एमएलसी डॉ संतोष सुमन मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बता दें कि सभी की निगाहें आज नीतीश कैबिनेट के गठन और उसमें शामिल होने वाले नए चेहरों पर टिकी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नीतीश कुमार ने रविवार को भाजपा और जदयू के नेताओं के साथ कैबिनेट के संभावित आकार पर बातचीत की थी।