Vande Bharat: पटना से रांची के लिए निकली पहली वंदे भारत ट्रेन, जानें रूट और स्टेशन
Patna-Ranchi Vande Bharat Express: रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को पटना और रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल रन शुरू किया। ट्रायल रन सुबह 6:55 बजे पटना जंक्शन से शुरू हुआ, ट्रेन के रांची से वापसी के बाद रात 8:25 बजे समाप्त होगा।;
Patna-Ranchi Vande Bharat Express: बिहार और झारखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आज भारतीय रेलवे ने पटना और रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) का ट्रायल रन शुरू किया। रेलवे एक वरिष्ट अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल रन आज सुबह 6:55 बजे पटना जंक्शन से शुरू हुआ, दोपहर 1 बजे झारखंड की राजधानी रांची पहुंचेगी और ट्रेन के रांची से वापसी के बाद रात 8:25 बजे समाप्त होगा।
पूर्व मध्य रेलवे (ECR) जोन, हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) बीरेंद्र कुमार ने कहा कि अपनी वापसी की यात्रा में यह दोपहर 2.20 बजे रांची से रवाना होगी और रात 8.25 बजे यहां पहुंचेगी। ट्रेन सिधवार (रामगढ़) और सांकी (रांची) के बीच सुरंगों और रेलवे पुलों से गुजरेगी। यह गया और बरकाकाना स्टेशनों पर रुकेगी। सिधवार और सांकी के बीच 27 किलोमीटर के खंड में चार सुरंगें हैं, जिनमें से सबसे लंबी 1.7 किलोमीटर लंबी है, जबकि तीन अन्य लगभग 600 मीटर लंबी हैं।
इससे पहले पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन ट्रायल रन 11 जून के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन झारखंड में एक छात्र समूह द्वारा बुलाए गए दो दिवसीय राज्य बंद के कारण इसे सोमवार तक पुनर्निर्धारित किया गया था। बरकाकाना और रांची के बीच और ट्रायल रन किए जाएंगे। सीपीआरओ ने यह भी कहा कि नियमित संचालन से पहले वंदे भारत का संचालन विशुद्ध रूप से परिचालन/प्रायोगिक उद्देश्यों, सुरक्षा जांच आदि के लिए किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि ट्रेन का संचालन जहानाबाद, गया, बरकाकाना, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और मेसरा के माध्यम से किया जाएगा। ट्रायल रन के दौरान ट्रेन तेज गति से दौड़ेगी। इसलिए रेलवे प्रशासन की ओर से अपील की जाती है कि आम लोग रेलवे ट्रैक से उचित दूरी बनाए रखें, साथ ही मवेशियों को रेलवे ट्रैक से दूर रखें। ट्रेन के अंतिम रूप से चलने से पहले जोनल रेलवे अधिकारी कई परीक्षण करेंगे।
पटना से रांची के बीच सफर करना होगा आसान
ट्रेन के सप्ताह में छह दिन चलने की उम्मीद है और दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को कम करेगी। यह छह घंटे से भी कम समय में 410 किमी से अधिक की दूरी तय करेगी। उन्होंने कहा कि 12 जून को पटना और रांची के बीच प्रस्तावित वंदे भारत के ट्रायल रन के दौरान ट्रेन में सामान्य यात्रियों को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।