PM Modi ने हिमाचल प्रदेश में जवानों संग मनाई दिवाली, ITBP के जवानों को बधाई दी
Prime Minister Narendra Celebrated Diwali: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह जवानों के साथ दिवाली मनाने हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंचे। उन्होंने जवानों के साथ दिवाली मनाई।;
Prime Minister Narendra Celebrated Diwali: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंचे और भारतीय सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह 10वीं दिवाली है जो मोदी ने जवानों के साथ मनाई। पीएम मोदी ने जवानों के साथ अपने जश्न की तस्वीरें एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा कीं। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हमारे बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंचा। हिमाचल प्रदेश में लेप्चा तिब्बत की सीमा पर है और चीन से खतरे को देखते हुए यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।
पीएम मोदी लेपचा पहुंचे
लेप्चा दक्षिण लद्दाख के इलाके से छूता हुआ है। यहां बहुत ठंड और भारी बर्फबारी होती है। यहां तापमान शून्य के नीचे तक पहुंच जाता है। यह सुरक्षा की दृष्टि से बहुत जरूरी है। यहां से रास्ता प्राचीन तिब्बत की तरफ जाता है। जिस पर व्यापार होता था। चीन से तनातनी के बाद यहां आईटीबीपी की तैनाती दो से तीन गुना बढ़ा दी गई है। जवानों को यहां सबसे बड़ी मुश्किल आइसोलेशन की होती है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और भारतीय सेना की टुकड़ियां चीन की सीमा के पास लेप्चा में तैनात हैं। हिमाचल प्रदेश चीन के साथ 260 किमी लंबी सीमा साझा करता है। कुल लंबाई में से 140 किमी जनजातीय किन्नौर जिले में है, जबकि 80 किमी जनजातीय लाहौल और स्पीति जिले में है।
पीएम मोदी ने कब-कब जवानों संग मनाई दिवाली
पीएम मोदी हर साल सेना के जवानों से मिलने के जाते हैं। प्रधानमंत्री ने साल 2014 में विश्व के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन में, साल 2015 में पंजाब के अमृतसर में, साल 2016 में हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में सैनिकों संग दिवाली का जश्न मनाया था। इसके बाद साल 2017 में पीएम मोदी ने जम्मू कश्मीर के गुरेज में, 2018 में उत्तराखंड के केदारनाथ और साल 2019 में जम्मू संभाग के राजोरी में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।
इसी तरह यह सिलसिला आगे बढ़ता रहा है। साल 2020 में भी पीएम मोदी ने दिवाली राजस्थान के जैसलमेर में, वर्ष 2021 में जम्मू संभाग के राजोरी जिला के नौशहरा में और साल 2022 में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के करगिल में दिवाली मनाई थी।