G20 Summit से दो दिन पहले पीएम मोदी जाएंगे इंडोनेशिया, वजह बेहद खास
PM Modi Visit Indonesia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 समिट (G20 Summit) से पहले यानी 6 और 7 सितंबर को इंडोनेशिया के दौरे पर जाएंगे। इस दौरे को लेकर जो जानकारी दी गई है, वो बेहद चौंकाने वाली है। पढ़िये रिपोर्ट...;
PM Modi Visit Indonesia: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 और 7 सितंबर को जकार्ता, इंडोनेशिया में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के 20वें संस्करण की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इसके दो दिन बाद भारत में जी-20 (G-20 Summit) कार्यक्रम का भी आयोजन होना है। इंडोनेशिया (Indonesia) के राष्ट्रपति जोको विडोडो के निमंत्रण पर पीएम इंडोनेशिया की यात्रा कर रहे हैं। शिखर सम्मेलन की मेजबानी इंडोनेशिया द्वारा की जाएगी, जो वर्तमान में आसियान की अध्यक्षता करता है।
इंडोनेशिया में होने वाला आसियान-भारत शिखर सम्मेलन (ASEAN-India Summit) पिछले साल भारत-आसियान संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के बाद पहला शिखर सम्मेलन होगा। इसका मुख्य उद्देश्य भारत-आसियान संबंधों में अब तक हुई प्रगति और भविष्य में सहयोग की दिशा को तय करेगा। यह एक साल के अंदर प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) की इंडोनेशिया की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2022 में बाली में जी-20 समिट में हिस्सा लिया था।
शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे चीन के पीएम
आसियान शिखर सम्मेलन में चीन (China) के प्रधानमंत्री ली कियांग हिस्सा लेंगे। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की तरफ से इस बात की पुष्टि की गई है। मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग 5 से 8 सितंबर के बीच इंडोनेशिया का दौरा करेंगे। कियांग भारत के नई दिल्ली में आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) की ओर से चीन का प्रतिनिधित्व भी करेंगे।
क्या है आसियान
द एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशन्स (ASEAN) एक क्षेत्रीय संगठन है। इस संगठन का मकसद एशिया-प्रशांत क्षेत्र के देशों के बीच सामाजिक और राजनीतिक विकास को बढ़ावा देना है। आठ अगस्त को इसका स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस संगठन की स्थापना 1967 में की गई थी। इसका मुख्यालय इंडोनेशिया के जकार्ता शहर में है। आसियान समूह में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलिपींस, म्यांमार, सिंगापुर, थाइलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, और कंबोडिया सदस्य शामिल हैं।