कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है: पीएम मोदी
पूरे पंजाब में आज एक ही आवाज उठ रही है, भाजपा (BJP) को जीताना है, एनडीए को जीताना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनाना है।;
Punjab Assembly Election 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को पंजाब (Punjab) के फाजिल्का में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधा। बीजेपी ट्विटर के मुताबिक, पीएम मोदी (Pm Modi) ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव में पंजाब में ये मेरी आखिरी सभा है। मैं बीते कुछ दिनों में पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में गया हूं। पूरे पंजाब में आज एक ही आवाज उठ रही है, भाजपा (BJP) को जीताना है, एनडीए को जीताना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनाना है।
पंजाब से रेत माफिया, ड्रग माफिया की विदाई
डबल इंजन की सरकार मतलब, पंजाब का इस दशक में सबसे तेज विकास। पंजाब से रेत माफिया, ड्रग माफिया की विदाई। पंजाब की औद्योगिक इकाइयों में नई ऊर्जा। पंजाब के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के नए मौके। भाजपा पूरे समर्पित भाव से पंजाब के लोगों के सामने पंजाब की सुरक्षा और विकास का संकल्प लेकर आई है। एक बार भाजपा को आपकी सेवा करने का मौका दीजिए। फिर देखिएगा कि डबल इंजन की सरकार कैसे पंजाब को तेज गति से आगे बढ़ाती है। आप देखिए, देश के इतने सारे राज्य हैं जहां कांग्रेस एक बार गई, फिर लौटकर नहीं आई। और जहां भाजपा को आशीर्वाद मिल गया, वहां तो कांग्रेस जड़-मूल से साफ हो गई। पंजाब के किसानों को नई सोच और विजन वाली सरकार चाहिए। किसान को बेहतर फसल, कम लागत और बेहतर कीमत की जरूरत है। इसके लिए हमारी सरकार बीज से बाजार तक नई व्यवस्था बना रही है। पंजाब में आज हर व्यापार, माफियाओं के कब्जे में है। व्यापारियों को माफियाओं की कृपा पर जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसकी सबसे बड़ी तकलीफ हमारे छोटे व्यापारियों को हो रही है।
भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही
इतनी संभावनाओं से भरा पूरा पंजाब, लेकिन इंडस्ट्रीज़ यहां से छोड़कर जा रही हैं। कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण यहां जल्दी कोई आने को तैयार नहीं। इन स्थितियों को भी डबल इंजन की सरकार ही बदल सकती है। पंजाब में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होगा पारदर्शी सरकार होगी तो, न उद्योगों को पलायन करना पड़ेगा और न नौजवानों को अपना गांव, अपने दोस्त, अपने बूढ़े मां बाप, अपने खेत खलिहान छोड़कर पंजाब से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। गरीब की तकलीफ दूर हो, उसका जीवन आसान बने, ये हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का काम है। कोरोना काल में भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है और मुफ्त वैक्सीन भी दे रही है। आयुष्मान भारत योजना का लाभ देश के 50 करोड़ लोगों को मिल रहा है। आयुष्मान भारत कार्ड से पंजाब का नागरिक हिंदुस्तान में कहीं भी जाएगा उसको इलाज मुफ्त मिलेगा। एक और दुख की बात है कि अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ जाएंगे तो आपका इलाज हो जाएगा, लेकिन दिल्ली जाएंगे जहां मुख्यमंत्री जो बैठे हैं वो दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए मना कर देंगे।
पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पंजाब के करीब 23 लाख किसानों को मिला
क्योंकि इस योजना के साथ वो जुड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। जो लोग दिल्ली में आपको घुसने नहीं देना चाहते, वो लोग आपसे वोट मांग रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को पंजाब में कुछ भी करने का हक है क्या? पीएम किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र सरकार ने पंजाब के किसानों के बैंक खाते में 3,700 करोड़ रुपये सीधे-सीधे किसान के बैंक के खातों में जमा हुआ है। पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पंजाब के करीब 23 लाख किसानों को मिला है।
कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है
प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के तहत पंजाब में 75 हजार से अधिक बनाएं जा रहे हैं। पक्के घर के लिए अकेले पंजाब को 2,000 करोड़ रुपये से भी अधिक की राशि दी गई है। कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है। यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, वो पूरे देश ने देखा। अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों।
क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे?
कल ही हमने संत रविदास जी की जयंती मनाई है। वो कहां पैदा हुए? उत्तर प्रदेश में, बनारस में। क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म कहां हुआ था? पटना साहिब, बिहार में। क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? हमारा पंजाब सीमावर्ती राज्य है। इस पर सीमापार से हमेशा नापाक नजरें बनी रहती हैं, गड़ी रहती हैं। इसलिए यहां जो सरकार बनेगी वो राष्ट्र प्रथम, Nation First की प्रतिबद्ध सरकार होनी चाहिए, ढुलमुल रवैये वाले लोग नहीं होने चाहिए। कांग्रेस की जो 'पार्टनर इन क्राइम' पार्टी है, वो भी एक के बाद एक झूठ पंजाब में आकर बोल रही है। ये वो लोग हैं जिनकी दिल्ली में सरकार है। आज पंजाब में आकर सिखों को झूठ बोलने वाले इन लोगों ने दिल्ली में एक भी सिख को मंत्री नहीं बनाया है। ये झूठ बोलने के महारथी हैं। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो ये पंजाब के किसानों को गाली देते हैं। दिल्ली में जाओ तो पंजाब के किसानों को गाली दो और यहां आओ तो किसानों को गले लगाने की बात करों। ये फरेब चलेगा क्या?
ये लोग सत्ता के लिए अलगाववादियों से भी हाथ मिलाने को तैयार
बात इतनी ही नहीं है, इनके इरादे कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। इनके पुराने विश्वस्त साथी रहे और कवि और चिंतक होने के नाते देश भर में उनके कवि सम्मेलनों को सुनने के लिए देश भर में युवा पीढ़ी उनका इंतजार करती है। ऐसे इंसान ने कल कह दिया और जो आरोप लगाया है वो बहुत खतरनाक है। ये लोग पंजाब को तोड़ने का सपना पाले हुए हैं। ये लोग सत्ता के लिए अलगाववादियों से भी हाथ मिलाने को तैयार हैं। सत्ता पाने के लिए इन लोगों को अगर देश भी तोड़ना पड़े, तो ये लोग उसके लिए भी तैयार हैं। इनका एजेंडा और देश के दुश्मनों का एजेंडा, पाकिस्तान का एजेंडा अलग है ही नहीं। इसलिए ही ये पंजाब में ड्रग्स के नेटवर्क को बढ़ाना चाहते हैं। इसलिए ही ये बॉर्डर पर बीएसएफ के बढ़ते अधिकारों पर आवाज उठाते हैं। यही इन लागों का मंसूबा है, यही उनकी सोच है। अराजकता और अलगाव के नशे में डूबे इन लोगों को पता नहीं कि पंजाब क्या है!
फर्स्ट टाइम वोटर्स पीएम मोदी ने कही ये बात
पंजाब उन गुरुओं, उन शहीदों की भूमि है जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिये थे। ये पंजाब और ये भारत किसी की साजिशों से टूटने वाला नहीं है। ये सामान्य चुनाव नहीं है। ये पंजाब के वर्तमान और भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। 20 तारीख को पंजाब के लोगों को इनके अपराधों का हिसाब करना है। मैं विशेष तौर से फर्स्ट टाइम वोटर्स से कहना चाहता हूं कि ये फर्स्ट टाइम वोट आपकी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण अवसर है। जब आप वोट डालने जा रहे हैं, मतलब अब आप पंजाब का भविष्य तय करने के निर्णय में भागीदार बन रहे हैं।