President Election Result: द्रौपदी मुर्मू बनीं देश की 15वीं राष्ट्रपति, बधाई देकर पीएम मोदी बोले- भारत ने लिखा इतिहास
देश का प्रत्येक नागरिक जान चुका है कि भारत के 15वें राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने जीत हासिल कर ली है। कुछ देर बाद उनकी विजय का जल्द ऐलान होगा। केवल राजधानी ही नहीं बल्कि देश के दूर-दराज राज्यों, जिलों और यहां तक की छोटे गांवों में भी द्रौपदी मुर्मू की विजय को सेलीब्रेट किया जा रहा है। पढ़िये सुबह से अब तक की तमाम अपडेट्स...;
देश के हर नागरिक को इस बात का इंतजार कर रहा है कि भारत का 15वां राष्ट्रपति (15th President) कौन होगा? आज इसी सवाल से पर्दा उठ जाएगा। 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election) का मतदान हुआ था। जिसकी मतगणना (Counting of votes) आज सुबह 11 बजे संसद भवन (Parliament House) में शुरू हो गई है।इसके नतीजे आज शाम तक आने की सभावना है।
मतों की गिनती संसद भवन (Parliament House) के कमरा नंबर 63 में की जा रही। वोटिंग भी उसी कमरे में की गई थी। सूत्रों के मुताबिक सबसे पहले संसदों के वोटों की गिनती हो रही है। संसद भवन में कुल 730 वोट पड़े। इस बार राष्ट्रपति पद (Presidency) के चुनाव में 99 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई। बता दें कि एनडीए (NDA) की ओर से द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) और यूपीए की ओर से यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) राष्ट्रपति चुनाव के प्रत्याशी हैं। मतगणना से जुड़े तमाम अपडेट्स यहां पढ़िये...
LIVE UPDATE :-
द्रौपदी मुर्मू से मिले पीएम मोदी, दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने द्रौपदी मुर्म को गुलदस्ता भेंट कर राष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए बधाई दी। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने इतिहास लिखा है। जब भारत आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की बेटी को राष्ट्रपति चुना गया है। द्रौपदी मुर्मू को बधाई।
रामनाथ कोविंद समेत इन्होंने दी बधाई
निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी द्रौपदी मुर्मू की जीत के लिए उन्हें बधाई संदेश दिया। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं उनका धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने एक बहुत ही सामान्य स्थिति में आदिवासी बहुल क्षेत्र से अपने जीवन की शुरूआत की। आज उन्हें राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त हुआ। मुर्मू जी के राष्ट्रपति बनने से लोकतंत्र में लोगों की आस्था और मजबूत हुई है।
यशवंत सिन्हा ने दिया यह संदेश
राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। देश को उम्मीद है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी। उधर, द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे हैं। इसके अलावा कई अन्य बीजेपी के मंत्री और नेता भी मौजूद हैं।
द्रौपदी मुर्मू ने भारी अंतर से हासिल की जीत
राष्ट्रपति चुनाव के लिए तीसरे राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। द्रौपदी मुर्मू ने बहुमत का आंकड़ा हासिल करके राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब राज्य को कवर किया था। इस दौर में कुल वैध मत 1,333 हैं। वैध मतों की कुल वोट वैल्यू 1,65,664 है। द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले, यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले।
द्रौपदी मुर्मू को कुल 2161 वोट मिले, जो कि वोट वैल्यू 5,77,777 है। वहीं विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा की बात करें तो उन्हें कुल 1058 वोट मिले, जिसकी वोट वैल्यू 2,61,062 है। सूत्रों के मुताबिक 17 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की है।
बिहार के डिप्टी सीएम ने जताई खुशी
बिहार के डिप्टी सीएम ताराकिशोर प्रसाद ने द्रौपदी मुर्मू की जीत के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा समाज जो राजनीतिक क्षेत्र में कभी हाशिये पर रहा करता था, उनके नेतृत्व में देश निश्चित तौर पर आगे बढ़ेगा। आज देश के सभी नागरिक उनकी उम्मीदवारी और उनकी जीत से खुश हैं।
(बिहार में द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न मनाते भाजपा नेता और कार्यकर्ता)
दूसरे चरण में भी द्रौपदी मुर्मू आगे बढ़ी
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना का दूसरा चरण पूरा हो गया। राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि अगर संसद के परिणामों को शामिल किया जाए तो अब तक कुल 1,886 वैध मतों का मूल्य 6,73,175 है। द्रौपदी मुर्मू को 1,349 मत मिले, जिनका मूल्य 4,83,299 है। यशवंत सिन्हा को 537 वोट मिले, जिनकी कीमत अब तक 1,89,876 है।
दूसरे दौर के बाद पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम में गणना की गई। कुल वैध मत 1138 है और कुल वोट वैल्यू 1,49,575 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनकी वोट वैल्यू 1,05,299 है। यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले हैं, जिसकी वोट वैल्यू 44,276 है।
दूसरे चरण की मतगणना खत्म
राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर दूसरी मतगणना समाप्त हो गई है। पहले चरण में सांसदों के वोटों की गणना हुई थी, जिसमें द्रौपदी मुर्मू ने भारी बढ़त बना ली थी। अब कुछ समय बाद ही दूसरे चरण के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
द्रौपदी मुर्मू के आवास की सुरक्षा बढ़ी
राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है, लेकिन एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की बढ़त के मद्देनजर उनके दिल्ली स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां पर एसपीजी की तैनाती की गई है। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद चुनाव परिणाम घोषित हो सकता है।
मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया आदिवासी नृत्य
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोक कलाकारों के साथ आदिवासी नृत्य करते दिखाई दिए। संसद परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कुछ देर बाद पीएम नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा घोषित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें बधाई देंगे।
द्रौपदी मुर्मू निकलीं आगे
सांसदों के वोट की गिनती पूरी हो चुकी है। एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मूर्म को 540 वोट, जबकि यूपीए प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले हैं। इसके अलावा 15 वोट खामियों के चलते निरस्त कर दिए गए हैं।
बीजेपी ने जश्न की तैयारी शुरू की
बीजेपी को राष्ट्रपति चुनाव में जीत का पूरा भरोसा है। इसके चलते पार्टी ने विजय जुलूस की तैयारी भी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद जेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 3 किमी लंबा रोड शो करेंगे। इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होने की संभावना है।
पीएम मोदी भी द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाएंगे। वे शाम करीब चार बजे उनसे मिलेंगे। उधर, द्रौपदी मुर्मू के गांव में भी मतगणना का परिणाम आने से पहले ही जश्न शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें भरोसा है कि द्रौपदी मुर्मू ही विजयी होंगी।