असम विधानसभा चुनाव: प्रियंका गांधी ने जोरहाट में भाजपा सरकार पर किया तीखा प्रहार, पीएम मोदी से पूछा बड़ा सवाल
प्रियंका गांधी ने जोरहाट में सार्वजिनक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी, भाजपा ने मेहनत की है- असम की महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बढ़ावा देने के लिए। आपकी सरकार की इस मेहनत ने असम को महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर के मामले में पहले पायदान पर पहुंचा दिया।;
असम विधानसभा चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों के नेता राज्य का दौरा कर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों ने नेता चुनाव प्रचार के लिए जोर शोर से जुटे हैं और जनता को लुभाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। वहीं आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के जोरहाट में एक सार्वजिनक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
प्रियंका गांधी ने जोरहाट में सार्वजिनक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी, भाजपा ने मेहनत की है- असम की महिलाओं के खिलाफ अपराधों को बढ़ावा देने के लिए। आपकी सरकार की इस मेहनत ने असम को महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर के मामले में पहले पायदान पर पहुंचा दिया।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा है कि हम असम को पांच गारंटी देते हैं। 1- CAA को हम लागू नहीं होने देंगे 2- चाय बागान मजदूरों को 365 रुपये प्रति दिन मिलेगा 3- हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली 4- महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह 5- असम के युवाओं को 5 लाख रोजगार।
प्रियंका ने आगे कहा कि जब यहां पर सीएए का आंदोलन चला तब दुख क्यों नहीं हुआ? जब असम में आग लगी तब प्रधानमंत्री को दुख क्यों नहीं हुआ? तब वो आपके सामने क्यों नहीं आए। तब उन्होंने दुख व्यक्त क्यों नहीं किया।
भाजपा ने पिछले चुनाव में आपसे कहा कि 25 लाख रोजगार मिलेंगे, क्या वो रोजगार मिले? नहीं.. आपको कहा कि असम एकॉर्ड का खंड 6, जिसमें आपकी संस्कृति सुरक्षित रहती है, उसे लागू करेंगे। क्या उसे लागू किया गया? नहीं..