Punjab Politics: सुखबीर बादल ने भगवंत मान को भेजा नोटिस, 5 दिन का दिया अल्टीमेटम
Punjab Politics: पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को कानूनी नोटिस भेजा है। पढ़िये क्या रही बड़ी वजह...;
Punjab Politics: शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को कानूनी नोटिस भेजा है। सुखबीर ने 5 दिन के अंदर माफी मांगने को कहा है। उनका आरोप है कि सीएम मान ने बालासर फार्म हाउस और ट्रांसपोर्ट को लेकर गलत बयानबाजी की है, अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो हम मानहानि का केस करेंगे। कानूनी नोटिस बादल के वकील अर्शदीप सिंह कलेर ने भेजा था।
सुखबीर सिंह बादल ने भेजा कानूनी नोटिस
नोटिस में सीएम भगवंत मान पर अपने झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप के साथ बादल व उनके परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया गया है कि हरियाणा के बालासर गांव में बादल के खेत तक नहर का पानी ले जाने के लिए एक सिंचाई शाखा बनाई गई थी। मुख्यमंत्री ने ये आरोप 1 नवंबर को पीएयू के एक सभागार में आयोजित मैं पंजाब बोलदा हां बहस के दौरान लगाए थे। कांग्रेस, शिअद और भाजपा के विपक्षी नेता इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे।
मान ने डिबेट में किया था दावा
मान ने दावा किया था कि 1978 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने एसवाईएल नहर के लिए 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की मांग की थी और मार्च 1979 में हरियाणा सरकार से 1.5 करोड़ रुपये ले लिए थे। उन्होंने आगे कहा था कि प्रकाश सिंह बादल ने एसवाईएल नहर के लिए जमीन अधिग्रहण के लिए एक पत्र जारी किया था और हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवीलाल ने विधानसभा में बयान दिया था कि प्रकाश सिंह बादल के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों के कारण पंजाब सरकार ने जमीन का अधिग्रहण किया था।
मान ने यह भी दावा किया था कि 1998 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने हरियाणा को अधिक पानी देने के इरादे से भाखड़ा मेन लाइन नहर के किनारों की ऊंचाई औसतन एक फुट बढ़ा दी थी और पड़ोसी राज्य से 45 करोड़ रुपये लिए थे। सुखबीर बादल ने कहा है कि ये आरोप सरासर झूठ हैं। सुखबीर ने मुख्यमंत्री पर निम्न स्तर की राजनीति करने का भी आरोप लगाया है।