Rajasthan Election: भरतपुर में गहलोत सरकार पर पीएम मोदी का अटैक, बोले-3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर
Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान की गहलोत सरकार को टारगेट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य की जनता उन्हें बता रही है कि 3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर।;
Rajasthan Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों की वोटिंग पूरी हो चुकी है। इसी बीच, अब राजनीतिक दलों ने अपना पूरा फोकस राजस्थान और तेलंगाना की ओर कर दिया है। इसी कड़ी में आज पीएम नरेंद्र मोदी राजस्थान के भरतपुर पहुंचे है। यहां पर उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए गहलोत सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता उन्हें बता रही है कि 3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर।
पीएम मोदी बोले- जादूगर जी कौन मिले वोट जी
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ जहां भारत विश्व में अग्रणी बन रहा है। वहीं, पिछले 5 साल में राजस्थान में क्या हुआ ये तो आप सभी जानते हैं। कांग्रेस ने राजस्थान को भ्रष्टाचार, दंगों और अपराधों में अग्रणी बना दिया है। इसलिए राजस्थान कह रहा है कि जादूगर जी कौन मिले वोट जी। उन्होंने आगे कहा कि जिस राज्य में भी कांग्रेस की सरकार है वहां आतंकवाद, अत्याचार ये सब बेलगाम है। कांग्रेस के लिए तुष्टीकरण ही सब कुछ है और इसके लिए वो किसी भी स्तर तक जा सकते हैं।
कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं का भरोसा तोड़ा है। क्या मुख्यमंत्री प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा कर सकते हैं जो खुद कह रहे हैं कि महिलाएं फर्जी बलात्कार के मामले दर्ज कराती हैं। ऐसी महिला द्वेषी पार्टी को सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस के मंत्री प्रदेश की महिलाओं के प्रति ओछी मानसिकता रखते हैं। उन्होंने कहा कि वे मंत्री ऐसा कहते हैं (बलात्कार) इसलिए हो रहा है क्योंकि राजस्थान पुरुषों की भूमि है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की जिम्मेदारी हर एक नागरिक के जीवन और संपत्ति की रक्षा करना था। लेकिन पिछले 5 सालों में महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और वंचितों के खिलाफ अपराध व अत्याचार बढ़े हैं। चाहे होली हो, रामनवमी हो या हनुमान जयंती, यहां लोग कोई भी त्योहार शांति से नहीं मना पाते है। राजस्थान में दंगे, पथराव, कर्फ्यू, ये सब चलता रहा है। सरकार इस सब पर काबू पाने में विफल रही है।