कर्नाटक के सियासी संकट पर लोकसभा में हंगामा, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप
कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के दर्जनभर से अधिक विधायकों के इस्तीफे के बाद खड़े हुए सियासी संकट को लेकर सोमवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ।;
कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के दर्जनभर से अधिक विधायकों के इस्तीफे के बाद खड़े हुए सियासी संकट को लेकर सोमवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ। कांग्रेस द्वारा भाजपा पर सरकार गिराने का आरोप लगाया गया जिसके जवाब में लोकसभा में सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कर्नाटक में जो कुछ भी हो रहा है उसमें भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।
हमने सूबे में सत्तासीन सरकार में शामिल किसी विधायक पर इस्तीफा देने के लिए दवाब नहीं डाला है। भाजपा संसदीय लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने सदन में यह विषय उठाया है। जबकि त्यागपत्र देने का सिलसिला हमने नहीं खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुरु किया है। उनके बाद उनकी पार्टी के कई सारे दिग्गज नेता इस्तीफा दे रहे हैं। इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है।
खतरे में लोकतंत्र
इस मामले को लेकर शून्यकाल में अपनी बात रखते हुए कांग्रेस के नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि देश को अंग्रेजों से लंबी लड़ाई लड़ने के बाद आजादी मिली और उसके बाद डॉ़ भीमराव अंबेड़कर के नेतृत्व में भारत का संविधान बनाया गया। जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को सर्वोच्च रखा गया था। लेकिन भाजपा की सरकार इन्हें लगातार खत्म करने का प्रयास कर रही है। कर्नाटक और मध्य-प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों को गिराने की कोशिश की जा रही है।
इसमें पर्दे के पीछे से पूरी साजिश सत्तासीन पार्टी द्वारा यानि भाजपा द्वारा रची गई है। लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का बीते लोकसभा चुनाव में 303 सीटें जीतने के बाद भी पेट नहीं भरा। अगर मेरा घर असुरक्षित है और वहां दस सोने और दस चांदी के सिक्के हैं। तो इसका मतलब यह नहीं है कि आप वहां उन्हें चुराने के इरादे से आएं और सब कुछ लूटकर ले जाएं। कांग्रेस के डी़ सुरेश ने कहा कि भाजपा यह नहीं चाहती कि कोई भी विपक्षी पार्टी किसी राज्य या केंद्र में सत्ता में रहे। भाजपा लोकतंत्र को नष्ट कर रही है। तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दे का मेजे थपथपाकर समर्थन किया।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App