Supreme Court Guidelines: कोर्ट परिसर में गोलीबारी को लेकर SC सख्त, जारी किए जाएंगे दिशा-निर्देश

Supreme Court Guidelines: सुप्रीम कोर्ट ने अदालतों में हो रही गोलीबारी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कोर्ट परिसर और जजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। यहां पढ़ें अब तक कौन-कौन से कोर्ट परिसर में हुई गोलीबारी...;

Update: 2023-08-11 06:59 GMT

Supreme Court Guidelines: सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) देश की अदालतों और जजों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। इसी बीच, कोर्ट ने इनकी सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश (Guidelines) जारी किए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आजकल अदालतों में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके लिए हम दिशानिर्देश जारी कर रहे हैं। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने जजों और अदालतों की सुरक्षा सही से ना कर पाने के लिए भी प्रशासन और पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। कोर्ट ने कहा कि पहले जारी किए गए दिशा-निर्देश का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा है।

अब तक कोर्ट परिसर में हुई बड़ी घटनाएं

महाराष्ट्र में मजिस्ट्रेट कोर्ट में फायरिंग

महाराष्ट्र के सातारा जिले (Satara District) के एक मजिस्ट्रेट कोर्ट में बीते सोमवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने जज के सामने ही आरोपितों पर अंधांधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में एक पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उधर, पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया था। इसमें पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।

लखनऊ कोर्ट में हुई थी फायरिंग की घटना

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सिविल कोर्ट (Civil Court) में फायरिंग की घटना सामने आई थी। वकील की ड्रेस में आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। इस घटना में चार लोगों को गोलियां लगी थी। इसमें माफिया मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) के करीबी संजीव जीवा को भी गोली लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था। वारदात के बाद वकीलों ने भी जमकर हंगामा किया था क्योंकि कोर्ट परिसर में सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई थी।

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में भी हुई थी फायरिंग की घटना

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट (Tis Hazari Court) में भी वकीलों के दो गुटों के बीच झड़प की खबर सामने आई थी। इस घटना में कोर्ट परिसर के भीतर ही फायरिंग भी की गई थी। हालांकि, इस गोलीबारी की घटना में किसी को भी गोली नहीं लगी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह बताया गया कि एक-दूसरे को डराने के लिए यह गोलीबारी की गई थी।

राजस्थान में भी गोलीबारी का मामला सामने आया

राजस्थान के धौलपुर कोर्ट परिसर में भी दिनदहाड़े फायरिंग (Firing) का मामला सामने आया था। यहां दो बदमाशों ने तारीख पर आए एक युवक की हत्या करने के लिए उस पर फायर कर दिया था, लेकिन यह गोली उस व्यक्ति को ना लगकर किसी दूसरे को जाकर लग गई थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Tags:    

Similar News