Sikkim Flash Floods: सिक्किम में बाढ़ से 60 से ज्यादा लोगों की मौत, 3000 पर्यटक फंसे, बचाव अभियान जारी

Sikkim Flash Floods: सिक्किम में आई बाढ़ से अब तक 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई लोग लापता हैं। कुछ पर्यटक हिमालयी क्षेत्रों में फंस गए हैं। इन लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।;

Update: 2023-10-09 05:44 GMT

Sikkim Flash Floods: सिक्किम को तबाह करने वाली तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 105 से अधिक लोग लापता है, जिनकी तलाशी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही, 3,000 से ज्यादा पर्यटक अभी फंसे हुए हैं। इस आपदा में सुरम्य हिमालयी राज्य के चार जिलों में 1,655 से अधिक घर नष्ट हो गए और 14 पुल बह गए हैं।

अधिकारी ने दी जानकारी

मंगन जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि ज्यादातर टूरिस्ट लाचेन और लाचुंग कस्बों में फंसे हुए हैं। हम चुंगथांग तक पहुंचने में कामयाब हो गए हैं। हालांकि, अभी भी यह शहर पहुंच से काफी दूर बने हुए हैं। स्थानीय प्रशासन की तरफ से उन्हें मदद पहुंचाई जा रही है। लाचेन गुरुडोंगमार झील जाने वाले पर्यटकों के लिए आधार है, जो भारत-चीन सीमा के करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित एक उच्च ऊंचाई वाली झील है। वहीं, लाचुंग युमथांग घाटी की ओर जाने वाले पर्यटकों के मुश्किलें बनी हुई है।

अब तक कई लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन ने कहा है कि उन्होंने अब तक तीस्ता नदी की निचली धारा से 40 शव बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 10 शवों की पहचान की जा चुकी है। इस बीच, सिक्किम में मरने वालों की संख्या 26 का आंकड़ा पार कर गई है।

भारतीय सेना की त्रि शक्ति कोर की टुकड़ियां उन लापता सैनिकों की तलाश जारी रख रही हैं जो 3 अक्टूबर को उत्तरी सिक्किम में दक्षिण लोनक झील में बादल फटने के कारण आई अचानक बाढ़ में बह गए थे। 23 कर्मियों में से 4 अक्टूबर को एक को जिंदा बचा लिया गया जबकि आठ अन्य की मौत हो गई। इसके अलावा, भारतीय वायुसेना ने वायु सेना दिवस पर सिक्किम के बाढ़ पीड़ितों के लिए एएफएस बागडोगरा से आपदा राहत अभियान शुरू किया। मौसम की स्थिति में सुधार होते ही फंसे हुए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों को तैयार रखा गया है।

Tags:    

Similar News