Map Misguided: GPS पर रहते हैं डिपेंड, तो हो जाएं सावधान, एक गलती से चली गई दो डॉक्टरों की जान
2 Doctors died After Map Misguided: टेक्नॉलोजी पर आंख मूंद कर भरोसा करना भी आपकी जान ले सकता है। इसका एक नया मामला सामने आया है। केरल में गूगल मैप के जरिए मिसगाइड होने पर दो डॉक्टरों की जान चली गई।;
2 Doctors died After Map Misguided: टेक्नॉलोजी पर आंख मूंद कर भरोसा करना भी आपकी जान ले सकता है। ऐसा ही कुछ केरल में भी हुआ है, जहां गूगल मैप से मिसगाइड होने के बाद दो लोगों की जान चली गई। केरल के एर्नाकुलम जिले में रविवार सुबह एक कार के नदी में गिर जाने से दो लोगों की डूबने से मौत हो गई और तीन लोगों को बचा लिया गया। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में मौजूद सभी लोग गूगल मैप के सहारे आगे बढ़ रहे थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
दो डॉक्टरों की मौत
पुलिस अधिकारी ने कहा कि जिले के एक निजी अस्पताल में काम करने वाले अद्वैत और अजमल देर रात करीब 12.30 बजे कोडुंगल्लूर लौट रहे थे और नेविगेट करने के लिए Google मैप का इस्तेमाल कर रहे थे। नदी को पानी से भरी सड़क समझकर वे आगे बढ़ गए। इसके बाद उनकी कार डूबने लगी। इसमें अद्वैत और अजमल दोनों बाहर नहीं आ सके। अधिकारी ने कहा कि उस समय भारी बारिश के कारण दृश्यता बहुत कम थी और नदी पर निशान लगाने के लिए कोई बैरिकेड और साइनबोर्ड नहीं थे।
स्थानीय लोगों ने भी बचाने में मदद की
स्थानीय लोग कार में सवार लोगों को बचाने में मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों और बचाव कर्मियों ने तीन लोगों को जिंदा बाहर निकाल लिया। साथ ही, आगे कहा कि उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक डॉक्टर कोडुंगल्लूर के एआर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आपातकालीन वार्ड में काम करते थे। पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है। ताकि, ज्यादा जानकारी जुटाई जा सके।