महाराष्ट्र सरकार ने सख्त लॉकडाउन लगाने की चेतावनी दी, 9 शहरों में नाइट कर्फ्यू
राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच उद्धव ठाकरे सरकार ने पूरे महाराष्ट्र में सख्त लॉकडाउन को लेकर आखिरी चेतावनी दी है।;
महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामले बहुत ही तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में बीते दिन करीब 16 हजार नए मामले सामने आए, जिससे देश में हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। राज्य में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच उद्धव ठाकरे सरकार (Uddhav Thackeray Government) ने पूरे महाराष्ट्र में सख्त लॉकडाउन (Lockdown) को लेकर आखिरी चेतावनी दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उद्धव ठाकरे सरकार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि लॉकडाउन जैसे कठोर उपायों को लागू करने के लिए मजबूर नहीं करें।
महाराष्ट्र में इन जगहों पर लगी पाबंदी
महाराष्ट्र के नागपुर, अकोला, परभनी और औरंगाबाद समेत कई इलाकों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से लॉकडाउन लागू है। यदि कोरोना की रफ्तार ऐसी ही बढ़ी रही और लापरवाहियां सामने आती रहीं तो उद्धव सरकार महाराष्ट्र के अन्य जगहों पर भी लॉकडाउन की घोषणा कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, राज्य के परभणी जिले में बीते शुक्रवार रात 12 बजे से 15 मार्च सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय किया गया है। वहीं पुणे में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।
इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने नागपुर में 15 मार्च से 21 मार्च तक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया था। इसके अलावा देश के पंजाब के मोहाली, कपूरथला, जालंधर, पटियाला, एसबीएस नगर, होशियारपुर, फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना में प्रशासन ने नाइट कर्फ्यू लगा दिया है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस के खिलाफ तेजी से जंग जारी है। लेकिन इस बीच कोरोना वायरस के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। महाराष्ट्र के अलावा केरल, दिल्ली, पंजाब, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी मामले बढ़ने लगे हैं। बीते दिन महाराष्ट्र में 16 हजार के करीब नए मामले सामने आये।