पत्नी का मंगलसूत्र हुआ गायब...गुस्साए जीजा ने साले पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, जानें पूरी दास्तां
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पत्नी का मंगलसूत्र गायब होने पर गुस्साए जीजा ने अपने साले पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी।;
UP News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के अलीगढ़ (Aligrah) से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी का मंगलसूत्र गायब होने पर गुस्साए जीजा ने अपने साले पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और घायल साले को इलाज के लिए तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि घायल साले की अभी हालत नाजुक बनी हुई है। मामला हरदुआगंज थाना इलाके के इम्लानी गांव का है।
पुलिस के मुताबिक, जीजा ने साले पर गोली तब चलाई जब वह बाइक चला रहा था और जीजा पीछे बैठा था। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और घायल साले को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि घायल युवक के सिर पर दो गोलियां लगी है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह दोनों जीजा-साले इमलानी गांव में रिश्तेदारी में आए थे। इसके बाद दोनों कस्बा जलाली के लिए निकले थे। इस दौरान रास्ते में जीजा दुष्यंत ने बाइक चला रहे साले राजकुमार पर अपनी पत्नी का मंगलसूत्र गायब करने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर दोनों के बीच मामूली सी कहासुनी हो गई। जिसके बाद जीजा ने अपने साले पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इसमें दो गोलियां उसके सिर में लग गई और पर गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस मामले में डीएसपी विशाल चौधरी ने बताया कि आपसी विवाद के चलते जीजा ने अपने साले को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि घटना स्थल का मुआयना किया गया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।