Weather Forecast Update: पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली समेत इन राज्यों में होगी बारिश, पढ़िये देश्भर का हाल

Weather News Today: उत्तर भारत के राज्यों में पिछले कई दिनों से शीतलहर से राहत मिली हुई है, लेकिन अब एक ताजा अपडेट सामने आया है। आईएमडी के मुताबिक पश्चिम विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसके चलते दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। पढ़िये पूरी रिपोर्ट...;

Update: 2023-01-22 02:47 GMT

उत्तर भारत के हिमालयी पहाड़ों में जहां बर्फबारी का दौर जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में शीतलहर के प्रकोप से राहत मिली हुई है। इसके चलते ठंड का प्रकोप कम है, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ बना है, जो हिमालय की ओर पहुंच रहा है। ऐसे में उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले सप्ताह में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आईएमडी के मुताबिक यह पश्चिमी विक्षोभ 23 जनवरी को पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा। इसके कारण 24 और 25 जनवरी के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी राज्य भी इस विक्षोभ के चलते प्रभावित रहेंगे। इन राज्यों में 24 से 27 जनवरी के बीच बारिश होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ना तय है। राजधानी दिल्ली की बात करें तो 24 से 26 जनवरी के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही, मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की आशंका जताई गई है।

ऐसा रहेगा सप्ताह के मौसम का हाल

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान लगाया है। पूर्वी भारत की बात करें तो अगले पांच दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान में भी कम आएगी। बता दें कि बीते शनिवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इसके अलावा, पंजाब के साथ ही हरियाणा में भी अधिकांश हिस्सों में तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियत दर्ज हुआ। राजस्थान, यूपी के साथ बिहार और मध्य प्रदेश के सुदूर इलाकों में न्यूनतम पारा 7 से 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। 

Tags:    

Similar News